मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सीएम योगी ने जीपीओ स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने भजनों और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी।

स्कूली बच्चों ने भजनों से दी प्रस्तुति

पुष्पांजलि कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने 'रघुपति राघव राजा राम', 'वह शक्ति हमें दो दयानिधे' और 'वैष्णव जन तो तेने कहिए' जैसे भजनों और गीतों की सुमधुर प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों की प्रस्तुतियों का श्रवण किया।
सीएम योगी ने दी अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस की शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महात्मा गांधी की जयंती पर प्रदेशवासियों को 'अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस' की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर संपूर्ण विश्व को स्वदेशी और अहिंसा के माध्यम से स्वाधीनता का संदेश देने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पावन जयंती पर कोटिश: नमन। सीएम योगी ने कहा कि बापू के आदर्श, सादगी और विचार आज भी सभी को आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में निरंतर मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।

पुष्पांजलि कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्यसभा सांसद ब्रजलाल, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, मुकेश शर्मा, लालजी प्रसाद निर्मल, रामचंद्र प्रधान, पवन सिंह चौहान, डॉ. नीरज बोरा, राजेश्वर सिंह, जय देवी और अमरेश कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, भाजपा के महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।