उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत दी जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अयोध्या और बस्ती में आपदा प्रभावित परिवारों को घटना के 24 घंटे के भीतर चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। कृषि मंत्री और दोनों जिलों के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सहायता राशि के चेक सौंपे।
अयोध्या में चार लोगों की मौत
अयोध्या में तेज आंधी और भारी बारिश के कारण पेड़ गिरने से चार लोगों की मौत हुई। इनमें सोहावल तहसील के शिवदासपुर, शुक्ला का पुरवा निवासी 18 वर्षीय आकाश वर्मा, मिल्कीपुर तहसील निवासी 12 वर्षीय आर्यन, रुदौली तहसील निवासी 76 वर्षीय रामस्वरूप और 40 वर्षीय धर्मराज शामिल हैं।
सूर्य प्रताप शाही ने अयोध्या सर्किट हाउस में आकाश वर्मा, रामस्वरूप और धर्मराज के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता के चेक सौंपे। वहीं आर्यन के परिवार को भी आपदा राहत के तहत सहायता उपलब्ध कराई गई।
बस्ती में भी पीड़ित परिवारों को मिली मदद
बस्ती सदर तहसील के चौबाह गांव निवासी मोतीराम की आंधी में छप्पर गिरने से मौत हो गई थी। उनकी पत्नी कैलाशा देवी को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। वहीं महुली पश्चिम के ग्राम बलुआ निवासी प्रशांत की सर्पदंश से मौत के बाद उनकी माता मीरा देवी को भी चार लाख रुपये का चेक सौंपा गया।
प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा की स्थिति में प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत, चिकित्सा सुविधा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि आपदा से प्रभावित सभी लोगों तक जरूरी सहायता जल्द पहुंचाई जाए और राहत कार्यों में किसी तरह की देरी न हो।