मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह जनता दर्शन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने पीड़ितों को उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया और अधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए। जनता दर्शन में रायबरेली से आए एक बुजुर्ग ने मुख्यमंत्री को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। अपनी चोट दिखाते हुए वह भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने उन पर हमला किया और रुपये भी छीन लिए। मुख्यमंत्री ने पूरे मामले की जानकारी लेने के बाद अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में कुछ लोगों ने जमीन पर जबरन कब्जे की शिकायत भी की। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि किसी व्यक्ति की जमीन पर अवैध या जबरन कब्जा किया गया है तो उसे कब्जामुक्त कराया जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने राजस्व से जुड़े मामलों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में मौजूद लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर पीड़ित की समस्या को संवेदनशीलता से सुना जाए और उसका जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शांति, खुशहाली और मजबूत कानून व्यवस्था उत्तर प्रदेश की पहचान है। उन्होंने अधिकारियों को कानून व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने आमजन से कहा कि वे घबराएं नहीं, उनकी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।