पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के फैंस के लिए बड़ी खबर है। उनके ‘RuPay Aura India Tour’ के दिल्ली कॉन्सर्ट की तारीख बदल दी गई है। पहले यह कार्यक्रम 1 नवंबर 2026 को होना था, लेकिन अब दिलजीत 30 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में परफॉर्म करेंगे।
बुकमायशो की ओर से जारी आधिकारिक बयान में तारीख बदलने की जानकारी दी गई है। बयान के मुताबिक, पहले से खरीदे गए सभी टिकट नई तारीख पर भी मान्य रहेंगे। जो दर्शक नई तारीख पर कॉन्सर्ट में शामिल नहीं हो पाएंगे, उन्हें रिफंड के लिए उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर लिंक भेजा जाएगा।
दिलजीत दोसांझ का यह टूर करीब छह सप्ताह तक चलेगा और इसमें देश के सात शहर शामिल होंगे। दिल्ली के बाद वह इंदौर, अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु और लखनऊ में परफॉर्म करेंगे। चंडीगढ़ में भी कॉन्सर्ट आयोजित किया जाएगा, जिसकी तारीख और अन्य जानकारी बाद में घोषित की जाएगी।
पहले अहमदाबाद को टूर का पहला भारतीय पड़ाव बताया गया था। वहां दिलजीत 21 नवंबर को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में परफॉर्म करने वाले थे। अब दिल्ली कॉन्सर्ट की तारीख पहले किए जाने के बाद टूर की शुरुआत राष्ट्रीय राजधानी से होगी।
दिलजीत दोसांझ ने भारत में अपने फैंस के बीच परफॉर्म करने को लेकर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि अपने देश में परफॉर्म करने का अनुभव अलग होता है। इस टूर के जरिए उन्हें दिल्ली से इंदौर तक अलग-अलग शहरों में अपने प्रशंसकों से मिलने का मौका मिलेगा। सिंगर ने कहा कि फैंस का प्यार हमेशा उनके साथ रहा है और अब वह उनके शहरों में पहुंचकर उनके साथ इस सफर का आनंद लेने के लिए उत्साहित हैं।
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में उनके कई लोकप्रिय गाने सुनने को मिल सकते हैं। इनमें ‘G.O.A.T.’, ‘Ikk Kudi’, ‘Lalkara’, ‘Lover’, ‘5 Taara’, ‘Case’ और ‘Water’ जैसे गाने शामिल हैं। इस टूर को BookMyShow Live और Live Nation मिलकर प्रोड्यूस और प्रमोट कर रहे हैं। यह दिलजीत के अंतरराष्ट्रीय ‘Aura Tour’ के बाद आयोजित किया जा रहा है, जिसके तहत वह दुनिया के कई बड़े वेन्यू पर परफॉर्म कर चुके हैं।