Breaking News

'सीटों से ज्यादा गठबंधन जरूरी', सपा प्रमुख अखिलेश यादव का बड़ा बयान     |   उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी की स्क्रीनिंग परीक्षा जारी     |   इंडोनेशिया में सुबह-सुबह भूकंप के झटके, 5.2 रही तीव्रता; 10 किमी गहराई में था केंद्र     |   आज से शुरू होगा विश्व अंतरिक्ष सप्ताह, 10 अक्टूबर तक होंगे स्पेस से जुड़े कार्यक्रम     |   मुंबई में उद्धव-राज ठाकरे के संयुक्त मार्च में कांग्रेस और NCP (SP) भी शामिल होगी     |  

कर्नाटक: पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना की बढ़ी मुश्किलें, यौन शोषण के आरोप में एक और FIR दर्ज

कर्नाटक पुलिस ने मंगलवार को जेडीएस के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ यौन शोषण, पीछा करने और धमकी देने के मामले में एक और एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित महिलाओं की यौन शोषण के दौरान खींची गई तस्वीरों को वीडियो कॉल पर दूसरे के साथ साझा करने के आरोप में प्रज्वल रेवन्ना और हासन के पूर्व बीजेपी एमएलए प्रीतम गौड़ा सहित तीन और लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है।

ताजा दर्ज हुई एफआईआर के साथ प्रज्वल रेवन्ना पर यौन शोषण के आरोप में चौथी एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच कर रही एसआईटी ने प्रज्वल रेवन्ना, पूर्व बीजेपी एमएलए प्रीतम गौड़ा और तीन अन्य के खिलाफ आईपीसी की धारा 355 ए (यौन उत्पीड़न), 354 बी (लूट के इरादे से महिला पर हमला या बल का प्रयोग करना), 354 डी (पीछा करना), 506 (आपराधिक धमकी) और 66 ई (सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम) के तहत केस दर्ज किया है।

इस बीच कोर्ट ने प्रज्वल की रिमांड 29 जून तक बढ़ाते हुए उन्हें चार दिनों के लिए पुलिस रिमांड में भेज दिया। पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा के 33 साल के पोते प्रज्वल रेवन्ना हाल में बीते लोकसभा चुनाव में हासन संसदीय सीट से जेडीएस और बीजेपी के संयुक्त प्रत्याशी थे और उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। एसआईटी ने 31 मई को जर्मनी से बेंगलुरू हवाई अड्डे पर उतरने के तुरंत बाद प्रज्वल को गिरफ्तार किया था। 

प्रज्वल रेवन्ना हासन में लोकसभा चुनाव की वोटिंग होने के अगले दिन 27 अप्रैल को जर्मनी चले गए थे। एसआईटी ने सीबीआई के जरिये इंटरपोल से प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ 'ब्लू कॉर्नर नोटिस' जारी कराया था। 26 अप्रैल को लोकसभा चुनाव से पहले हासन में प्रज्वल रेवन्ना से जुड़े कथित वीडियो वायरल हुए थे। जिसके बाद वो यौन शोषण के आरोप में फंस गए थे। उसके बाद जेडीएस ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया था।