Breaking News

ओडिशा में 8 जगह पर तापमान 40 डिग्री के पार     |   AAP का व्हिप जारी, राज्यसभा सांसदों को 3 दिन तक सदन में मौजूद रहने का निर्देश     |   अलकायदा मॉड्यूल के तीन आतंकी को उम्रकैद की सजा, NIA कोर्ट का बड़ा फैसला     |   ईरान ने होर्मुज से गुजरने वाले भारतीय टैंकरों से टोल लेने की बात से इनकार किया     |   IPL 2026: राजस्थान ने जीता टॉस, हैदराबाद को दिया पहले बैटिंग का न्योता     |  

Indore: एआई डीपफेक से रची फर्जी अपहरण की कहानी, जालसालों ने पीड़ित परिवार से ठगे 1.2 लाख रूपये

Indore: मध्य प्रदेश के इंदौर में एआई का इस्तेमाल करके साइबर धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। जालसाजों ने डीपफेक वीडियो कॉल के जरिए फर्जी अपहरण का नाटक रचकर एक परिवार से 1 लाख से ज्यादा रुपये ऐंठ लिए।

पुलिस के अनुसार 16 वर्षीय लड़का स्कूल से गैरहाजिर रहने पर माता-पिता की डांट के बाद घर से निकल गया था। परिवार को बिना बताए वह राजस्थान के प्रसिद्ध सांवरिया सेठ मंदिर चला गया। जब लड़का वापस नहीं लौटा, तो उसके परिवार ने 2 फरवरी को एमआईजी पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई और जानकारी के लिए उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर भी साझा की।

3 फरवरी को परिवार को अज्ञात लोगों का वीडियो कॉल आया। कॉल के दौरान, आरोपियों ने कथित तौर पर नाबालिग पर चाकू से हमला करते हुए दिखाया और तुरंत पैसे न भेजने पर जान से मारने की धमकी दी। कॉल करने वालों ने एक क्यूआर कोड भेजा और परिवार को चेतावनी दी कि वे कॉल न काटें।

बेटे की जान को खतरा महसूस करते हुए, लड़के के पिता ने आरोपियों की ओर से भेजे गए बारकोड पर कई किस्तों में 1,02,000 रुपये भेज दिए। हालांकि, 4 फरवरी को परिवार को लड़के के दोस्त से सूचना मिली कि वह देवास में सुरक्षित है। उससे मिलने पर परिवार को उसके शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले। लड़के ने बताया कि उसका अपहरण नहीं हुआ था और वह अपनी मर्जी से मंदिर गया था।

अतिरिक्त डीसीपी (क्राइम ब्रांच) राजेश दंडोतिया ने कहा कि यह संभवतः राज्य या पूरे देश में पहला मामला हो सकता है, जहां कथित तौर पर लाइव वीडियो कॉल के दौरान एआई तकनीक का इस्तेमाल करके फिरौती के लिए फर्जी अपहरण का माहौल बनाया गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे इस तरह के किसी भी धमकी भरे कॉल की पुष्टि करें और घबराहट में पैसे भेजने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचित करें।