असम के नगांव जिले में मंगलवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 रही। NCS के अनुसार, भूकंप सुबह 4 बजकर 23 मिनट 47 सेकंड पर आया। इसकी गहराई जमीन के अंदर 33 किलोमीटर थी।
भूकंप का केंद्र नगांव में 26.428 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 93.060 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। फिलहाल भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है। अधिकारियों की ओर से नुकसान या किसी के हताहत होने की विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
हिमाचल प्रदेश में भी महसूस हुए थे भूकंप के झटके
इससे पहले 5 अक्टूबर की देर रात हिमाचल प्रदेश के ऊना में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। NCS के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता 2.5 रही थी। भूकंप रात 11 बजकर 48 मिनट 35 सेकंड पर आया था। इसका केंद्र जमीन से 9 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप का केंद्र 31.618 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 76.301 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। ऊना में आए भूकंप से भी अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।