Breaking News

सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार पर लगाया 10 लाख का जुर्माना, जानें क्या है पूरा मामला     |   Asian Games 2026 : नीरू धांडा ने रचा इतिहास, महिला ट्रैप शूटिंग में जीता गोल्ड     |   बाजार खुलते ही सेंसेक्स-निफ्टी धड़ाम! सेंसेक्स 503 अंक टूटा, निफ्टी 151 अंक नीचे     |   एशियन गेम्स 2026 में भारत की महिला ट्रैप टीम को सिल्वर, नीरू धांडा ने फाइनल में बनाई जगह     |   दिव्या मित्तल का राजनीति में आने का ऐलान, कुछ दिन पहले IAS पद से दिया था इस्तीफा     |  

नीरज चोपड़ा आईओए के साथ मिलकर डोपिंग के खिलाफ जागरूकता अभियान करेंगे शुरू

New Delhi: दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने भारतीय खेलों में डोपिंग की समस्या से निपटने के लिए पहल की है। उन्होंने अपनी फाउंडेशन के जरिए भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के साथ सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं जिसका मकसद खिलाड़ियों को डोपिंग के खिलाफ जागरूक करना है।

शुक्रवार को यहां आईओए खिलाड़ी फोरम में चोपड़ा ने एक वीडियो संदेश के जरिए नीरज चोपड़ा फाउंडेशन और आईओए के बीच इस पहल की घोषणा की। नीरज चोपड़ा ने कहा, ‘‘मैंने देखा है कि बच्चे बड़े पदक जीतने के लिए डोपिंग के जरिए अपना प्रदर्शन बेहतर करना चाहते हैं। लेकिन अपनी कहानी से मैं आपको बता सकता हूं कि मुझे ओलंपिक पदक तक पहुंचने में 10 साल लगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘खेलों में कुछ हासिल करने के लिए सब्र की जरूरत होती है। मैं देख रहा हूं कि आज के बच्चों में इसकी कमी है। वे चीजें जल्दी हासिल करना चाहते हैं। एक साल में ही 80 मीटर का लक्ष्य पार करना चाहते हैं। ऐसा करने में पांच साल लगते हैं।’’

इस दो बार के ओलंपिक पदक विजेता ने कहा, ‘‘कभी-कभी बच्चे ऐसे सप्लीमेंट ले लेते हैं जिनमें मिलावट हो सकती है। जब मैं जूनियर था तो जब भी डोपिंग प्रतिबंध के बारे में सुनता था तो बर्बाद हुए समय को देखकर बहुत हैरान होता था। मैंने तभी खुद से वादा किया था कि मैं कभी ये रास्ता नहीं अपनाऊंगा।’’ भारत पिछले तीन वर्षों से विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी की सबसे अधिक डोप उल्लंघन करने वालों की सालाना सूची में सबसे ऊपर रहा है।