Breaking News

बिहार में ‘सम्राट युग’ की शुरुआत, सम्राट चौधरी बने CM, विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव डिप्टी CM     |   AAP सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर ED का छापा, राघव चड्ढा की जगह बनाए गए थे डिप्टी लीडर     |   बिहार: सम्राट चौधरी घर से निकले, कुछ देर में लेंगे सीएम पद की शपथ     |   AAP का दावा- सांसद अशोक मित्तल के घर ED की रेड, राघव चड्ढा को हटा इन्हें बनाया गया था डिप्टी लीडर     |   नोएडा हिंसा: अब तक 396 लोग गिरफ्तार     |  

T20 WC: क्रिकेट ऐसा ही है, मैं हमेशा उस स्थिति में नहीं रहूंगा, शतक से चूकने पर बोले ब्रायन बेनेट

T20 WC: जिम्बाब्वे के सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट ने टी20 विश्व कप में शतक बनाने से तीन रन चूकने के बावजूद कहा कि अगर वो भारत के खिलाफ शतक बनाने में सफल रहते तो अच्छा होता लेकिन वे अपने प्रदर्शन से खुश हैं। 

बेनेट की 97 रन की नाबाद पारी टीम के काम नहीं आई क्योंकि जिम्बाब्वे को भारतीय टीम के हाथों 72 रन से हार का सामना करना पड़ा। भारत में चार विकेट पर 256 रन बनाए थे जिसके जवाब में जिम्बाब्वे छह विकेट पर 184 रन ही बना पाया।

बेनेट ने मैच के बाद कहा, ‘‘अच्छा होता अगर मैं शतक पूरा कर लेता। क्रिकेट में कभी-कभी ऐसा ही होता है। मैं हमेशा उस स्थिति में नहीं रहूंगा। मुझे खुशी है कि मैंने अच्छी पारी खेली लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सका। 250 रन से ज्यादा का लक्ष्य हासिल करना मुश्किल था।’’

इस 22 साल के खिलाड़ी ने कहा कि अच्छी साझेदारी नहीं निभाने के कारण उनकी टीम को नुकसान हुआ। उन्होंने कहा, ‘‘जब भी कोई नया बल्लेबाज क्रीज पर उतरता तो मैं उससे यही कहता कि गेंद को अच्छी तरह से देखो और फिर उस पर शॉट लगाओ। मैं क्या कर रहा हूं इसकी चिंता मत करो, बस तुम अपना काम करो। हमारे लिए अच्छी साझेदारी निभाना जरूरी था।’’

बेनेट ने पारी के 13वें ओवर में भारत के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पर लॉन्ग ऑन के ऊपर छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने कहा, ‘‘बुमराह का सामना करना मुश्किल था। मैं पहली बार उनके खिलाफ खेल रहा था। वे विश्व स्तरीय गेंदबाज हैं। मैं बस यही सोच रहा था कि गेंद पर अपना ध्यान केंद्रित रखूं और अपना स्वाभाविक खेल खेलूं। गेंद मेरी जद में थी और मैंने उस पर जोरदार शॉट मारा।’’

बेनेट ने कहा कि लक्ष्य बहुत बड़ा था और उसे हासिल करना बहुत मुश्किल था। उन्होंने कहा, ‘‘250 से 260 रन के लक्ष्य को हासिल करना बहुत मुश्किल होता है। ये मैदान पर जाकर खुद को अभिव्यक्त करने, स्कोरबोर्ड की ज्यादा चिंता न करने, अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करने और अपने मजबूत पक्षों के अनुसार खेलने का मौका था। अगर नतीजा अच्छा निकलता है तो ठीक है, अगर नहीं निकलता तो भी ठीक है। आज परिणाम वैसा नहीं रहा जैसा हम चाहते थे।’’

बेनेट ने कहा कि भले ही उनकी टीम सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई है लेकिन सुपर आठ में जगह बनाने से उनके लिए कई सकारात्मक पहलू रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमने पहली बार सुपर आठ के लिए क्वालीफाई किया है, इसलिए जाहिर है कि हमारे लिए इस टूर्नामेंट में कई शानदार पल रहे हैं और हम इससे खुश हैं। हमें अभी दक्षिण अफ्रीका से मैच खेलना है। हमने वेस्टइंडीज और भारत के खिलाफ मैचों से बहुत कुछ सीखा है और अगले मैच से भी जितना हो सके सीखने की कोशिश करेंगे।’’