भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 2026 विधान परिषद (MLC) के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए बिहार और उत्तर प्रदेश में अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। उत्तर प्रदेश के लिए पार्टी ने छह उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं।
यूपी में वाराणसी स्नातक सीट से केदार नाथ सिंह, मेरठ स्नातक सीट से दिनेश गोयल, इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट से अशोक कुमार राठौर और वाराणसी शिक्षक सीट से प्रमोद मिश्रा को उम्मीदवार बनाया गया है।
इसके अलावा आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से हरि किशोर तिवारी और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से ध्रुव त्रिपाठी को BJP ने प्रत्याशी बनाया है। पार्टी की ओर से जारी सूची BJP के राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी तरुण चुघ ने जारी की।
बिहार में भी उम्मीदवारों की घोषणा
BJP ने बिहार के लिए भी चार उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। इनमें पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवल किशोर यादव, कोसी स्नातक से एनके यादव, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नरेंद्र प्रसाद सिंह शामिल हैं।
लखनऊ में MLC चुनाव के लिए नामांकन शुरू
उत्तर प्रदेश में विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। लखनऊ मंडलायुक्त कार्यालय में उम्मीदवारों की ओर से नामांकन पत्र दाखिल किए जा रहे हैं।
नामांकन को देखते हुए मंडलायुक्त कार्यालय और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। लखनऊ के जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारियों ने नामांकन स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।
मुख्य गेट से ट्रैफिक व्यवस्था तक पुलिस तैनात
DCP पश्चिम जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया को देखते हुए मुख्य गेट, रिटर्निंग ऑफिसर के कक्ष, आसपास के क्षेत्र और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के लिए महिला पुलिसकर्मियों और ट्रैफिक पुलिस की भी तैनाती की गई है। प्रशासन और पुलिस की ओर से नामांकन प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर निगरानी रखी जा रही है।