Breaking News

दार्जिलिंग में भूस्खलन के कारण बंद हुई सड़कें, पर्यटक फंसे     |   लखनऊ अग्निकांड के बाद प्रयगराज में एक्शन, 86 गेस्टहाउस-होटल, बैंक्वेट हॉल का रजिस्ट्रेशन निरस्त     |   अरुणाचल प्रदेश के केयी पैन्योर में लगातार भारी बारिश से आई बाढ़, एक की मौत, 4 लापता     |   NEP 2020 के तहत क्लास-9 के पाठ्यक्रम में बदलाव, पढ़ाया जाएगा आपातकाल 1975-77 का विषय     |   दिल्ली: यमुना बाजार में O जोन क्षेत्र में अतिक्रमण पर बुलडोजर एक्शन, 300 से ज्यादा घर होंगे ध्वस्त     |  

वेनेजुएला में भूकंप के जोरदार झटके, 10 हजार से अधिक लोगों की मौत की आशंका

दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में विनाशकारी भूकंप आया है। एक मिनट के अंतराल में आए 7.1 और 7.5 तीव्रता के भूकंप ने भीषण तबाही मचाई है। कई इमारतों और मकानों के ढहने की खबर है। राहत और बचाव का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। दरअसल, बुधवार को वेनेजुएला की राजधानी के पश्चिम में भूकंप के तगड़े झटके महसूस किए गए। इससे काराकस में इमारतें गिर गईं, लोग मलबे में दब गए। मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि इस दक्षिण अमेरिकी देश में भारी जान-माल का नुकसान हो सकता है।

काराकस से लगभग 160 किलोमीटर (100 मील) पश्चिम में 7.2 तीव्रता का भूकंप आया और एक मिनट से भी कम समय बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा झटका महसूस किया गया। वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने बुधवार को देश में आए विनाशकारी भूकंप के बाद इमरजेंसी का एलान किया है। उन्होंने देश को संबोधित करते हुए कहा कि जिन लोगों ने दुर्भाग्य से अपने परिवार के किसी सदस्य को खो दिया है, उनके प्रति हम अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। हालांकि, उन्होंने मरने वालों या घायलों की कुल संख्या नहीं बताई।

भूकंप के बाद गिरी हुई इमारतों और क्षतिग्रस्त ढांचों के नीचे फंसे लोगों को खोजकर निकालने के लिए इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमें तैनात की गई हैं। स्थानीय अधिकारियों और चश्मदीदों ने बताया कि इमारतें गिर गई हैं, बचाव कार्य चल रहा है और घायलों की संख्या बढ़ रही है। गृह मंत्री डियोसडाडो कैबेलो ने कहा, "कई इमारतें और घर ढह गए हैं और हम सुरक्षा और नागरिक सहायता के लिए उपलब्ध हर चीज का इस्तेमाल करके स्थिति को संभाल रहे हैं।"

भूकंप के बाद मदद से लिए अमेरिका आगे आया है। अमेरिकी डिप्टी सेक्रेटरी ऑफ स्टेट क्रिस्टोफर लैंडौ ने X पर कहा, "हम वेनेजुएला के अधिकारियों के संपर्क में हैं और मदद जुटा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भूकंप बहुत विनाशकारी था। काराकस में अमेरिकी दूतावास ने कहा कि वह भूकंप के बाद की स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और देश के नागरिकों से सुरक्षित आश्रय लेने और क्षतिग्रस्त इलाकों से दूर रहने की अपील की है।

जिस दिन वेनेजुएला में भूकंप आया, उस दिन सार्वजनकि छुट्टी थी और लोग अपने घरों में थे। इसी दिन 1821 में स्पेन से वेनेजुएला को आजादी मिली, जिसके कारण इस दिन सार्वजनिक छुट्टी रहती है। वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप पर दुख जताते हुए पीएम मोदी ने कहा, "वेनेजुएला में आए जबरदस्त भूकंप से हुई तबाही से बहुत दुख हुआ है। भारत के लोगों की ओर से मैं वेनेजुएला की सरकार और वहां के लोगों के प्रति, और खासकर उन परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है।

हम घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करते हैं और इस मुश्किल समय में प्रभावित सभी लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। भारत हर संभव मदद देने के लिए तैयार है।" वेनेजुएला के तेल इंफ्रास्ट्रक्चर पर भूकंप के झटकों का तुरंत कोई असर नहीं दिखा, क्योंकि जिन शहरों में भारी नुकसान की आधिकारिक रिपोर्ट है, उनमें से लगभग किसी में भी महत्वपूर्ण तेल इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं है।