Breaking News

सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार पर लगाया 10 लाख का जुर्माना, जानें क्या है पूरा मामला     |   Asian Games 2026 : नीरू धांडा ने रचा इतिहास, महिला ट्रैप शूटिंग में जीता गोल्ड     |   बाजार खुलते ही सेंसेक्स-निफ्टी धड़ाम! सेंसेक्स 503 अंक टूटा, निफ्टी 151 अंक नीचे     |   एशियन गेम्स 2026 में भारत की महिला ट्रैप टीम को सिल्वर, नीरू धांडा ने फाइनल में बनाई जगह     |   दिव्या मित्तल का राजनीति में आने का ऐलान, कुछ दिन पहले IAS पद से दिया था इस्तीफा     |  

दिल्ली-NCR में सुबह-सुबह बदला मौसम, चली धूल भरी आंधी

दिल्ली-एनसीआर में बृहस्पतिवार को फिर मौसम बदल गया है। एनसीआर क्षेत्र में सुबह से काले बादल छाए हुए हैं और धूल भरी आंधी चल रही है। इससे सुबह ऑफिस जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए पूर्वानुमान जारी किया है कि बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने और 70 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ हल्की बारिश होने की भी संभावना है।

अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 41 व 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शुक्रवार को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए आरेंज जबकि शुक्रवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इससे पहले बुधवार को भी उमस भरी भीषण गर्मी की चुभन जारी रही। अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। हीट इंडेक्स 48 डिग्री से भी ऊपर चला गया। हालांकि मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार से मानसून पूर्व की गतिविधियों बढ़ने का पूर्वानुमान दिया है, जिसमें तेज हवाओं के साथ वर्षा हो सकती है और भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।

बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हीट इंडेक्स 48.4 डिग्री दर्ज किया गया। पालम और रिज सबसे गर्म स्थान रहे, जहां तापमान क्रमशः 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 3.4 डिग्री और 3.3 डिग्री अधिक है। मंगलवार रात हुई वर्षा से बुधवार को राजधानी में दिन की शुरुआत अपेक्षाकृत ठंडी रही। न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.3 डिग्री कम 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले की तुलना में यह 9.0 डिग्री कम था। हवा में नमी का स्तर 84 से 29 प्रतिशत दर्ज किया गया।