Breaking News

सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार पर लगाया 10 लाख का जुर्माना, जानें क्या है पूरा मामला     |   Asian Games 2026 : नीरू धांडा ने रचा इतिहास, महिला ट्रैप शूटिंग में जीता गोल्ड     |   बाजार खुलते ही सेंसेक्स-निफ्टी धड़ाम! सेंसेक्स 503 अंक टूटा, निफ्टी 151 अंक नीचे     |   एशियन गेम्स 2026 में भारत की महिला ट्रैप टीम को सिल्वर, नीरू धांडा ने फाइनल में बनाई जगह     |   दिव्या मित्तल का राजनीति में आने का ऐलान, कुछ दिन पहले IAS पद से दिया था इस्तीफा     |  

सूरत के ग्रामीण इलाकों में भारी बारिश से जलभराव, किम नदी उफान पर, यातायात प्रभावित

दक्षिण गुजरात में भारी बारिश के कारण सूरत जिले के ग्रामीण इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। भारी बारिश के बाद ऊपरी इलाकों से बड़ी मात्रा में पानी आने से किम नदी उफान पर है। नदी का पानी सड़कों पर आने और रिहायशी इलाकों में घुसने से यातायात और आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। सूरत के मंगरोल तालुका में कोसांबा को किम से जोड़ने वाली गायकवाड़ रोड पर किम नदी का पानी भर गया है। नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने के बाद सड़क को पूरी तरह से यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।

तेज बहाव के कारण प्रभावित सड़कों पर आवाजाही बेहद खतरनाक हो गई है। बाढ़ का पानी आसपास की हाउसिंग सोसायटियों और रिहायशी इलाकों में भी घुस गया है। घरों के बाहर जलभराव होने के कारण लोगों को घरों के अंदर ही रहने के लिए मजबूर होना पड़ा है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और लोगों से नदी के पास जाने या बाढ़ के पानी में उतरने से बचने की अपील की गई है।

इस बीच, गुजरात के नवसारी जिले के सरीखुराद गांव में बाढ़ के पानी में फंसे 67 लोगों को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) ने सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें 25 महिलाएं और 22 बच्चे शामिल हैं। NDRF के अनुसार, ग्रामीणों के बाढ़ में फंसे होने की जानकारी मिलने के बाद छठी बटालियन की टीम ने बचाव अभियान शुरू किया। NDRF ने बताया कि इलाके में राहत और बचाव अभियान अभी जारी है।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी लगातार बाढ़ की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। हर्ष संघवी स्थिति का जायजा लेने नवसारी पहुंचे और अधिकारियों को राहत, बचाव, लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की कमी नहीं होने देने के निर्देश दिए। राहत कार्यों को मजबूत करने और प्रभावित लोगों को समय पर मदद पहुंचाने के लिए राज्य सरकार ने तत्काल प्रभाव से 10 वरिष्ठ अधिकारियों को वलसाड जिले में भी तैनात किया है।

वलसाड जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। स्थानीय प्रशासन की मदद के लिए 70 सेना के जवानों के साथ 5 नावें, NDRF की 5 टीमें, SDRF की 5 टीमें और दमकल विभाग के 25 कर्मचारियों को तैनात किया गया है। उमरगाम, वापी, धरमपुर और पारडी तालुका के ग्रामीण इलाकों से 500 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।