Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

जीसीसी हब बनेगा उत्तर प्रदेश, निवेशकों ने की योगी सरकार की नीतियों की सराहना

उत्तर प्रदेश ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (जीसीसी) के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। जीसीसी इनोवेशन समिट 2026 में वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों ने योगी सरकार की निवेश-अनुकूल नीतियों, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, प्रतिभाशाली युवाओं और प्रशासनिक सहयोग की सराहना की। एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स, स्मार्टवर्क्स, माइक्रोसॉफ्ट और एचसीएल टेक्नोलॉजीज के प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि प्रदेश में तेज निर्णय प्रक्रिया और उद्योगों के अनुकूल माहौल निवेश को बढ़ावा दे रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एचसीएल और आईआईटी कानपुर के बीच डीप-टेक नवाचार संबंधी सहयोग के तहत तैयार श्वेतपत्र ‘द ट्रू इकोनॉमिक्स ऑफ एआई अडॉप्शन इन जीसीसी’ का विमोचन किया। इसमें जीसीसी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को अपनाने के आर्थिक पहलुओं पर ध्यान दिया गया है।

एलजी करेगी 634 करोड़ रुपये का निवेश

एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स के प्रतिनिधि बृजेश शर्मा ने बताया कि कंपनी अपने इको सॉल्यूशंस जीसीसी के लिए 634 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है। इसका परिचालन इस वर्ष के अंत तक शुरू करने का लक्ष्य है। केंद्र में हीटिंग, वेंटिलेशन और एयर कंडीशनिंग (एचवीएसी), हीट पंप तकनीक और उन्नत उत्पाद विकास पर काम किया जाएगा।

कंपनी ने प्रतिभा विकास और प्रशिक्षण के माध्यम से 500 से अधिक उच्च-मूल्य रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखा है। भविष्य में एआई आधारित डेटा सेंटर कूलिंग तकनीकों के क्षेत्र में भी अनुसंधान एवं विकास का विस्तार किया जाएगा।

लखनऊ में जीसीसी हब विकसित कर रही स्मार्टवर्क्स

स्मार्टवर्क्स के हर्ष बिनानी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने जीसीसी की संभावनाओं को समय रहते पहचाना और निवेश प्रक्रिया को गति दी। उन्होंने बताया कि कंपनी नोएडा में 20 लाख वर्ग फुट से अधिक कार्यालय क्षेत्र का प्रबंधन कर रही है, जहां 110 से अधिक कंपनियां काम कर रही हैं।

अब स्मार्टवर्क्स लखनऊ में भी विस्तार कर रही है। बीबीडी टाइम्स स्क्वायर में दो लाख वर्ग फुट का जीसीसी हब विकसित किया गया है। बिनानी के अनुसार, भारत में 2,100 से अधिक जीसीसी में 23 लाख से ज्यादा पेशेवर काम कर रहे हैं।

उत्तर प्रदेश में इन केंद्रों के विस्तार से लखनऊ, कानपुर और गोरखपुर जैसे शहरों के युवाओं को अपने प्रदेश में ही वैश्विक कंपनियों के साथ काम करने के अवसर मिल सकते हैं। उन्होंने कहा, “हम केवल एमओयू साइन करने नहीं आए हैं, हम परिणाम देने आए हैं। उत्तर प्रदेश में आपने एक्सप्रेसवे बनाए हैं, हम मिलकर युवाओं के लिए करियर एक्सप्रेसवे बनाएंगे।”

माइक्रोसॉफ्ट ने यूपी के इंफ्रास्ट्रक्चर को सराहा

माइक्रोसॉफ्ट इंडिया डेवलपमेंट सेंटर के प्रतिनिधि राजीव कुमार ने कहा कि प्रतिभाशाली मानव संसाधन, कर्मचारियों की सुरक्षा, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रगतिशील नीतियां उत्तर प्रदेश को निवेश के लिए आकर्षक बनाती हैं।

उन्होंने नोएडा में कंपनी के केंद्र की स्थापना का अनुभव साझा करते हुए बताया कि तत्कालीन नोएडा प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी के साथ चर्चा के बाद लगभग छह सप्ताह में नया सेक्टर विकसित करने और जमीन उपलब्ध कराने की दिशा में निर्णय लिया गया।

माइक्रोसॉफ्ट के नोएडा केंद्र में पहले वर्ष करीब 600 लोगों को रोजगार मिला था, जो तीन वर्षों में बढ़कर लगभग 3,000 हो गया। करीब 2,500 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित हो रहा कंपनी का कैंपस अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। राजीव कुमार ने वर्ड, एक्सेल, पावरपॉइंट और कोपायलट जैसी तकनीकों के विकास में नोएडा केंद्र के योगदान का भी उल्लेख किया।

एचसीएल के लखनऊ कैंपस में एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस

एचसीएल टेक्नोलॉजीज के प्रतिनिधि किरण चेरुकुरी ने उत्तर प्रदेश की जीसीसी नीति और निवेश प्रोत्साहनों के प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना की। उन्होंने बताया कि एचसीएल ने करीब दस वर्ष पहले लखनऊ में अपना कैंपस स्थापित किया था, जहां आज लगभग 1,500 लोग काम कर रहे हैं।

उन्होंने लखनऊ कैंपस में अमेजन वेब सर्विसेज (एडब्ल्यूएस) के सहयोग से एआई-संचालित जीसीसी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस शुरू किए जाने की जानकारी दी। इसका उद्देश्य उन्नत क्लाउड और कंप्यूटिंग सुविधाओं के जरिए जीसीसी स्थापित करने की प्रक्रिया को तेज करना है।

एआई और डीप-टेक नवाचार को मिलेगा बढ़ावा

जीसीसी इनोवेशन समिट में वैश्विक कंपनियों के अनुभवों ने उत्तर प्रदेश में तकनीक आधारित निवेश और रोजगार की संभावनाओं को रेखांकित किया। एलजी के निवेश, स्मार्टवर्क्स के लखनऊ विस्तार, माइक्रोसॉफ्ट के नोएडा कैंपस और एचसीएल के एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस जैसी पहलों से प्रदेश में उन्नत तकनीक और वैश्विक कारोबारी गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

योगी सरकार की नीतियों, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और कुशल युवाओं की उपलब्धता के साथ उत्तर प्रदेश जीसीसी, एआई और डीप-टेक नवाचार के क्षेत्र में अपनी भूमिका मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।