Breaking News

पीएम मोदी बोले- नाना पाटेकर बेहतरीन कलाकार थे, वो किसी भी तरह के बंधनों में नहीं रहे     |   राहुल-प्रियंका पर FIR, प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ धक्का-मुक्की के आरोप     |   नाना पाटेकर का राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार, महाराष्ट्र सरकार पर बड़ा फैसला     |   एक्टर नाना पाटेकर का 75 साल की उम्र में निधन, गोवा में ली अंतिम सांस     |   मुरादाबाद: रेलवे स्टेशन के सामने विनायक गेस्ट हाउस में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू     |  

उत्तर प्रदेश: सीएम योगी ने स्वतंत्रता सेनानी गुलाब सिंह लोधी को 91वीं पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को स्वतंत्रता सेनानी गुलाब सिंह लोधी को उनकी 91वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने देश की आजादी की लड़ाई में लोधी के बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनकी सरकार स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों की यादों को हमेशा जिंदा रखने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने लखनऊ के अमीनाबाद स्थित झंडेवाला पार्क में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। यह वही जगह है, जहां गुलाब सिंह लोधी ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती देते हुए तिरंगा फहराया था।

सीएम योगी ने कहा, “गुलाब सिंह लोधी ने ब्रिटिश सरकार को चुनौती दी और केवल 32 साल की उम्र में इसी पार्क में तिरंगा फहराया, जो उस समय भारत की आजादी का प्रतीक था।” उन्होंने बताया कि गुलाब सिंह लोधी की बहादुरी से अंग्रेज अधिकारी नाराज हो गए और उन पर गोली चला दी। इस घटना में वह शहीद हो गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोधी ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देकर आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वतंत्रता संग्राम का एक “सुनहरा अध्याय” लिखा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने गुलाब सिंह लोधी के योगदान को सम्मान देने के लिए उन्नाव में एक पार्क, स्वास्थ्य केंद्र और पुलिस प्रशिक्षण कॉलेज का नाम उनके नाम पर रखा है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और समाज सुधारकों को सम्मान देने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे अन्य कार्यों का भी जिक्र किया।

सीएम योगी ने बताया कि अलीगढ़ में एक स्टेडियम और बदायूं में एक नई PAC वाहिनी का नाम वीरांगना अवंती बाई लोधी के नाम पर रखा गया है। इसके अलावा लखनऊ में एक महिला PAC वाहिनी का नाम भी उनके नाम पर किया गया है। सीएम योगी ने कहा कि राज्य सरकार स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों की याद में स्मारक बनाने और उनके योगदान को संरक्षित करने का काम आगे भी जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों की गाथाओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना बेहद जरूरी है।