Breaking News

पीएम मोदी बोले- नाना पाटेकर बेहतरीन कलाकार थे, वो किसी भी तरह के बंधनों में नहीं रहे     |   राहुल-प्रियंका पर FIR, प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ धक्का-मुक्की के आरोप     |   नाना पाटेकर का राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार, महाराष्ट्र सरकार पर बड़ा फैसला     |   एक्टर नाना पाटेकर का 75 साल की उम्र में निधन, गोवा में ली अंतिम सांस     |   मुरादाबाद: रेलवे स्टेशन के सामने विनायक गेस्ट हाउस में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू     |  

यीडा क्षेत्र में निवेश को नई रफ्तार, 25 कंपनियों को मिला लेटर ऑफ इंटेंट

उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश और रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में बड़ा कदम उठाया गया है। बुधवार को 25 कंपनियों को लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) जारी किए गए। इन कंपनियों की परियोजनाओं में करीब 3,155 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है।

इन परियोजनाओं के लिए करीब 95 एकड़ जमीन पर औद्योगिक इकाइयां स्थापित की जाएंगी। इससे 9 हजार से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। प्रस्तावित निवेश में मेडिकल डिवाइस और फार्मा के साथ अपैरल, हैंडीक्राफ्ट और जनरल इंडस्ट्री जैसे कई सेक्टर शामिल हैं।

कई प्रमुख सेक्टरों में आएगा निवेश

यीडा की ओर से जारी एलओआई में सबसे ज्यादा 11 कंपनियां सेक्टर-8डी के जनरल इंडस्ट्री क्षेत्र में निवेश करेंगी। वहीं सेक्टर-29 में 8 कंपनियों को एलओआई जारी किए गए हैं।

सेक्टर-29 में 3 कंपनियां अपैरल पार्क, एक कंपनी हैंडीक्राफ्ट पार्क और 4 कंपनियां जनरल इंडस्ट्री में इकाइयां स्थापित करेंगी। इसके अलावा एक कंपनी मेडिकल डिवाइस पार्क, 3 कंपनियां मिक्स्ड लैंड यूज और 2 कंपनियां प्रस्तावित फार्मा पार्क में निवेश करेंगी। इससे पारंपरिक उद्योगों के साथ मेडिकल डिवाइस और फार्मा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

निवेश के साथ रोजगार पर भी जोर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश में निवेश के लिए बेहतर माहौल तैयार करने पर जोर दे रही है। औद्योगिक क्षेत्रों के विकास, बेहतर कनेक्टिविटी और निवेशकों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों का असर यीडा क्षेत्र में भी दिखाई दे रहा है।

करीब 3,155 करोड़ रुपये के निवेश और 9 हजार से अधिक रोजगार की संभावना यीडा क्षेत्र में बढ़ती औद्योगिक गतिविधियों को दर्शाती है। करीब 95 एकड़ में स्थापित होने वाली परियोजनाओं से क्षेत्र में नए औद्योगिक प्रतिष्ठानों और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।

निवेश और रोजगार का नया केंद्र बन रहा यीडा

यीडा क्षेत्र में विकसित हो रहा औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर कनेक्टिविटी और अलग-अलग सेक्टरों के लिए तैयार किए जा रहे विशेष औद्योगिक पार्क इसे निवेशकों के लिए आकर्षक बना रहे हैं।

25 कंपनियों को जारी किए गए ये एलओआई यीडा क्षेत्र में बढ़ते निवेश विश्वास की नई कड़ी हैं। इन परियोजनाओं के जमीन पर उतरने के बाद आने वाले समय में औद्योगिक गतिविधियों के साथ रोजगार के अवसरों में भी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।