घर की रसोई में तैयार होने वाले अचार, मुरब्बे और जवे अब बड़े बाजार तक पहुंच रहे हैं। ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में चल रहे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में गाजियाबाद की महिलाओं के घरेलू उत्पाद लोगों की पसंद बन रहे हैं। स्टॉल पर पहुंच रहे ग्राहक उत्पादों का स्वाद लेने के साथ ऑर्डर भी दे रहे हैं। कई ग्राहकों ने ऑनलाइन भुगतान कर उत्पादों की बुकिंग भी की है।
उत्तर प्रदेश सरकार की महिला उद्यमिता को बाजार से जोड़ने की पहल से इन महिलाओं को अपने उत्पाद बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिला है। ट्रेड शो में मिले ऑर्डर और खरीदारों से संपर्क को लेकर महिला उद्यमियों में उत्साह है।
खेत की सरसों के तेल से तैयार हो रहा अचार
खंजरपुर गांव की रीना धतरवाल पहली बार अपने उत्पादों के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर के एक्सपो में पहुंची हैं। उन्होंने कुछ समय पहले दीपराज ऑर्गेनिक पिकल्स नाम से फर्म शुरू की। रीना घर पर तैयार किए गए मसालों और अपने खेत में उगाई सरसों से निकाले गए तेल का इस्तेमाल कर अलग-अलग तरह के अचार तैयार करती हैं।
रीना के मुताबिक, ट्रेड शो में आने के बाद उनके उत्पादों को बड़े स्तर पर पहचान मिली है। पहले ही दिन कई लोगों ने उनके उत्पाद पसंद किए और ऑनलाइन भुगतान कर अचार, मुरब्बा और जवे के ऑर्डर दिए। उन्हें उम्मीद है कि एक्सपो के जरिए बड़े खरीदारों तक भी पहुंच बनेगी।
नए कारोबार को मिला बड़ा मंच
मोदीनगर की ई नारी शक्ति वूमेन एंपावर संस्था ने ट्रेड शो में नींबू, आम और मिर्च के अचार समेत कई घरेलू उत्पादों का स्टॉल लगाया है। संस्था से जुड़ी महिलाओं के मुताबिक, उन्होंने हाल ही में अपना कारोबार शुरू किया है। ऐसे बड़े मंच पर सीधे ग्राहकों और खरीदारों के सामने अपने उत्पाद रखने का यह उनके लिए नया अनुभव है।
महिलाओं का कहना है कि ट्रेड शो में मिली पहचान उनके लिए नए बाजार की शुरुआत बन सकती है। उनके मुताबिक, अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिलने से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनने में मदद मिल रही है।
दूसरी महिलाओं को भी दिया रोजगार
गाजियाबाद की पूनम ने पूनम पिकल्स नाम से अपना ब्रांड तैयार किया है। वह घर पर तैयार किए गए मसालों से अचार बनाती हैं। अचार और जवे तैयार करने के काम में उन्होंने दूसरी महिलाओं को भी रोजगार से जोड़ा है।
पूनम ने बताया कि पहली बार इतने बड़े एक्सपो में आने को लेकर शुरुआत में झिझक थी, लेकिन ग्राहकों की प्रतिक्रिया से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। उनके मुताबिक, ट्रेड शो से मिले संपर्क और ऑर्डर कारोबार को आगे बढ़ाने में मदद करेंगे।
ट्रेड शो में गाजियाबाद की इन महिला उद्यमियों की भागीदारी यह दिखाती है कि घरेलू स्तर पर शुरू किए गए छोटे कारोबार भी बड़े बाजार तक पहुंच बना सकते हैं। एक्सपो के जरिए उन्हें ग्राहकों के साथ नए खरीदारों और बाजार से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।