Breaking News

सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार पर लगाया 10 लाख का जुर्माना, जानें क्या है पूरा मामला     |   Asian Games 2026 : नीरू धांडा ने रचा इतिहास, महिला ट्रैप शूटिंग में जीता गोल्ड     |   बाजार खुलते ही सेंसेक्स-निफ्टी धड़ाम! सेंसेक्स 503 अंक टूटा, निफ्टी 151 अंक नीचे     |   एशियन गेम्स 2026 में भारत की महिला ट्रैप टीम को सिल्वर, नीरू धांडा ने फाइनल में बनाई जगह     |   दिव्या मित्तल का राजनीति में आने का ऐलान, कुछ दिन पहले IAS पद से दिया था इस्तीफा     |  

यूपीआईटीएस में छाया यूपीएसडीएम के हुनर का जादू, कौशल मंच पर दिखी युवाओं की प्रतिभा

उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनी-2026 के चौथे दिन उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) का पवेलियन युवाओं के हुनर और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गुलजार रहा। सोमवार को पवेलियन में दिन की शुरुआत पीएसी की 32वीं वाहिनी के बैंड की शानदार प्रस्तुति से हुई। बैंड की देशभक्ति से भरी धुनों ने पूरे माहौल में उत्साह भर दिया।

पीएसी जवानों की प्रस्तुति के बाद युवाओं ने ‘कौशल मंच’ पर अपनी प्रतिभा दिखाई। एक के बाद एक शानदार प्रस्तुतियों से युवाओं ने दर्शकों का ध्यान खींचा। युवाओं के उत्साह को देखकर उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल के अधिकारी भी मंच पर पहुंचे और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

पवेलियन में सिर्फ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां ही आकर्षण का केंद्र नहीं रहीं। यहां बनाए गए 16 प्रत्यक्ष कौशल प्रदर्शन केंद्रों पर पूरे दिन सीखने-सिखाने का सिलसिला चलता रहा। बच्चों से लेकर बड़ों तक लोगों ने इन केंद्रों पर अलग-अलग कौशलों को करीब से जाना और उनमें हिस्सा लिया।

शाम को यूपीएसडीएम के पवेलियन में संगीत की महफिल सजी। दिल्ली घराने के उस्ताद अलीम खान एंड ग्रुप ने ‘कौशल मंच’ पर शानदार प्रस्तुति दी। उस्ताद अलीम खान और उनके बेटे अरीम खान ने वायलिन पर मधुर धुनें पेश कीं, जबकि तबले पर समीर खान की थाप ने प्रस्तुति में और रंग भर दिया।

यूपीआईटीएस के दौरान यूपीएसडीएम का पवेलियन युवाओं को कौशल सीखने के साथ-साथ अपनी प्रतिभा को मंच पर दिखाने का अवसर भी दे रहा है। प्रदर्शनी में आने वाले लोग कौशल प्रदर्शन केंद्रों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए युवाओं की प्रतिभा से रूबरू हो रहे हैं।