Breaking News

असम एग्जिट पोल: NDA को 102 सीटें, कांग्रेस गठबंधन को 23 सीटें मिलने का अनुमान     |   गृहमंत्री अमित शाह लेह पहुंचे; लद्दाख के उपराज्यपाल और सांसद ने उनका स्वागत किया     |   पंजाब बीजेपी 1 मई को चंडीगढ़ में ‘जनता दी विधानसभा’ आयोजित करेगी     |   ब्रह्मोस एयरोस्पेस का रिवेन्यू FY2025-26 के लिए ₹5200 करोड़ के पार पहुंचा: DRDO     |   '226 सीटों का आंकड़ा पार करेंगे', ममता ने बंगाल में टीएमसी की जीत का दावा किया     |  

शेयर बाजार में तेजी लौटी, सेंसेक्स 900 अंक चढ़ा

स्थानीय शेयर बाजारों में गुरुवार को तेजी लौटी और बीएसई सेंसेक्स 900 अंक चढ़ गया जबकि एनएसई निफ्टी में 285 अंक की तेजी रही। हाल की गिरावट के बाद वैश्विक शेयर बाजारों में तेजी के अनुरूप घरेलू बाजार बढ़त में रहे। तीस शेयरों पर आधारित सेंसक्स में चार दिन से जारी गिरावट पर विराम लगा और यह 899.71 अंक यानी 1.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 80,015.90 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, एक समय यह 1,187.64 अंक तक चढ़ गया था। पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 285.40 अंक यानी 1.17 प्रतिशत चढ़कर 24,765.90 पर बंद हुआ।

इसके साथ बाजार में लगातार तीन कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट का सिलसिला थम गया। सेंसेक्स में शामिल शेयरों में अदाणी पोर्ट्स, लार्सन एंड टुब्रो, एनटीपीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और इंटरग्लोब एविएशन प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, हिंदुस्तान यूनिलीवर और आईसीआईसीआई बैंक शामिल हैं।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.84 प्रतिशत बढ़कर 82.90 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल हो गया। एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग भी बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोप के बाजारों में भी दोपहर के कारोबार में बढ़त का रुख था। अमेरिकी बाजार बुधवार को सकारात्मक स्तर पर बंद हुए थे।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 8,752.65 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 12,068.17 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। सेंसेक्स बुधवार को 1,122.66 अंक टूटकर 79,116.19 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी 385.20 अंक की गिरावट के साथ 24,480.50 अंक पर रहा था।