Breaking News

सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार पर लगाया 10 लाख का जुर्माना, जानें क्या है पूरा मामला     |   Asian Games 2026 : नीरू धांडा ने रचा इतिहास, महिला ट्रैप शूटिंग में जीता गोल्ड     |   बाजार खुलते ही सेंसेक्स-निफ्टी धड़ाम! सेंसेक्स 503 अंक टूटा, निफ्टी 151 अंक नीचे     |   एशियन गेम्स 2026 में भारत की महिला ट्रैप टीम को सिल्वर, नीरू धांडा ने फाइनल में बनाई जगह     |   दिव्या मित्तल का राजनीति में आने का ऐलान, कुछ दिन पहले IAS पद से दिया था इस्तीफा     |  

अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज, प्रमुख सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश

उत्तर प्रदेश में लगातार हुई अतिवृष्टि के बाद जनसुविधाओं को जल्द सामान्य करने के लिए राहत और निगरानी का काम तेज कर दिया गया है। नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री एके शर्मा ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जल निकासी, सफाई, बिजली बहाली और सड़कों की मरम्मत को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

मंत्री एके शर्मा ने जलभराव वाले क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर जल निकासी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पानी निकलने के बाद तत्काल सफाई और सैनिटाइजेशन कराया जाए, ताकि संचारी रोगों की आशंका को कम किया जा सके। आगामी त्योहारों को देखते हुए शहरों में स्वच्छता और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने प्रमुख सड़कों और मार्गों को गड्ढामुक्त करने के साथ धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। जरूरत के अनुसार प्रमुख मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था, सुशोभन और अन्य नागरिक सुविधाओं को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

बिजली बहाली के काम में तेजी के निर्देश

ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री एके शर्मा ने शासन और सभी डिस्कॉम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता स्तर के अधिकारियों से अतिवृष्टि और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित विद्युत अवसंरचना की जानकारी ली गई।

मंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति जल्द सामान्य करने के लिए अतिरिक्त मशीनरी, उपकरण और मैनपावर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में विद्युत आपूर्ति सुचारु है, लेकिन जहां जलभराव या अन्य कारणों से आपूर्ति प्रभावित हुई है, वहां बहाली में देरी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने फील्ड स्तर पर लगातार निगरानी रखने और स्थानीय परिस्थितियों का आकलन करने के निर्देश दिए। साथ ही क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य विद्युत अवसंरचना की मरम्मत का काम तेजी से पूरा करने को कहा, ताकि प्रभावित उपभोक्ताओं को जल्द राहत मिल सके।