उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने आम लोगों को राहत देने के लिए रियायती दर पर चीनी उपलब्ध कराने का फैसला किया है। लखनऊ में लाल बहादुर शास्त्री गन्ना किसान संस्थान परिसर स्थित बिक्री केंद्र पर चीनी 52 रुपये प्रति किलो की दर से मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग ने इसकी व्यवस्था की है।
यहां उपभोक्ता अपनी जरूरत के अनुसार एक, दो, पांच और 50 किलो के पैकेट खरीद सकेंगे। चीनी की बिक्री प्रत्येक कार्यदिवस सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।
5 किलो चीनी 250 रुपये में मिलेगी
विभाग के अनुसार, चीनी के एक किलो के पैकेट की कीमत 52 रुपये और दो किलो के पैकेट की कीमत 102 रुपये रखी गई है। वहीं, पांच किलो का पैकेट 250 रुपये और 50 किलो का पैकेट 2,500 रुपये में उपलब्ध होगा।
सहकारी चीनी मिल संपूर्णानगर की चीनी के लिए अलग दरें निर्धारित की गई हैं। इसके एक किलो के पैकेट की कीमत 51 रुपये, दो किलो के पैकेट की 102 रुपये, पांच किलो के पैकेट की 245 रुपये और 50 किलो के पैकेट की कीमत 2,400 रुपये होगी।
हर कार्यदिवस में खरीद सकेंगे चीनी
चीनी की बिक्री लाल बहादुर शास्त्री गन्ना किसान संस्थान परिसर में स्थित चीनी निगम और सहकारी चीनी मिल संघ के बिक्री केंद्र से की जाएगी। यह व्यवस्था नियमित रूप से प्रत्येक कार्यदिवस पर संचालित होगी।
विभाग ने बिक्री केंद्र पर उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। गन्ना विकास विभाग ने लखनऊ के नागरिकों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है। सरकार का उद्देश्य आम लोगों को उचित दर पर चीनी उपलब्ध कराकर राहत देना है।