Breaking News

इंडियन शिप 'दिशा' ने होर्मुज पार किया, 18 जून को भारत पहुंचेगा: शिपिंग मंत्रालय     |   कर्नाटक CM ने बिदादी टाउनशिप प्रोजेक्ट का बचाव किया, बोले- विपक्ष कर रहा राजनीति     |   ‘वैश्विक संस्थाओं को 21वीं सदी के अनुसार बदलना है’, स्लोवाकिया में PM मोदी ने कहा     |   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्लोवाकिया की कंपनियों को भारत आने का न्योता दिया     |   ‘हमने अपनी ताकतों को जोड़ा है’, स्लोवाकिया में बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी     |  

उत्तर भारत में कई दिनों की भीषण गर्मी के बाद बारिश से राहत, तापमान में दर्ज की गई गिरावट

North India weather: उत्तर भारत के कई इलाकों में शुक्रवार और शनिवार को बारिश, आंधी और तेज हवाएं चलीं, जिससे कई दिनों की भीषण गर्मी के बाद तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। प्रयागराज में बारिश और तेज हवाओं ने लोगों को बेहद राहत दी। सभी ने सुहाने मौसम का स्वागत किया।

देश की राजधानी दिल्ली में रात भर हुई बारिश और आंधी-तूफान की वजह से तापमान में काफी गिरावट आई है। शनिवार की सुबह मौसम काफी सुहाना रहा और न्यूनतम तापमान इक्कीस दशमलव चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से छह दशमलव छह डिग्री कम है। मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली में वीकेंड के दौरान बारिश और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की संभावना जताई है।

उत्तर में, हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और राज्य के कुछ अन्य हिस्सों में बादल छाए रहे और बारिश हुई। मौसम विभाग ने सत्रह जून तक पूरे हिमाचल प्रदेश में बारिश का अनुमान लगाया है। आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने को लेकर 'येलो अलर्ट' जारी किया है।

जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में भी बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बारिश हुई, जिससे लोगों को बढ़ते तापमान से राहत मिली। अगले कुछ दिनों में उत्तर भारत के कई हिस्सों में आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने की संभावना है, इसको लेकर मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है।