आगामी अमरनाथ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुचारु बनाने के लिए अनंतनाग पुलिस ने जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। पुलिस द्वारा यात्रा मार्ग पर व्यापक एंटी-सबोटाज जांच और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, खानाबल से पहलगाम तक पूरी यात्रा मार्ग के महत्वपूर्ण स्थानों पर, ट्रांजिट पॉइंट्स, ठहराव केंद्रों, पार्किंग स्थलों और संवेदनशील इलाकों की गहन जांच की जा रही है। इसके लिए अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरणों और आधुनिक डिटेक्शन तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि किसी भी संभावित खतरे की समय रहते पहचान कर उसे निष्क्रिय किया जा सके।
इस अभियान में स्निफर डॉग्स (K9 स्क्वॉड), बम निरोधक दस्ते और तकनीकी निगरानी इकाइयों को भी तैनात किया गया है। ये टीमें यात्रा मार्ग और आसपास के क्षेत्रों की लगातार तलाशी और सैनिटाइजेशन कर रही हैं। पुलिस विशेष रूप से वाहनों की जांच पर ध्यान दे रही है। खासकर लावारिस और संदिग्ध वाहनों की गहन तलाशी ली जा रही है, ताकि असामाजिक या राष्ट्रविरोधी तत्वों द्वारा किसी भी तरह की साजिश को रोका जा सके।
इसके अलावा जिले के रेलवे स्टेशनों, रेलवे ट्रैकों, पुलों, कल्वर्ट्स, सार्वजनिक उपयोगिता प्रतिष्ठानों और अन्य महत्वपूर्ण ढांचों पर भी विशेष सुरक्षा जांच अभियान चलाया जा रहा है। यात्रा शुरू होने से पहले सुरक्षा माहौल को मजबूत बनाए रखने के लिए नियमित सर्च और सैनिटाइजेशन अभियान जारी हैं।अनंतनाग पुलिस ने कहा कि यात्रा की तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है और सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
पुलिस ने आम लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, वस्तु या लावारिस वाहन की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को देने को कहा गया है। अनंतनाग पुलिस ने दोहराया कि वह सभी श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, शांतिपूर्ण और आध्यात्मिक रूप से सफल अमरनाथ यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।