Breaking News

सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार पर लगाया 10 लाख का जुर्माना, जानें क्या है पूरा मामला     |   Asian Games 2026 : नीरू धांडा ने रचा इतिहास, महिला ट्रैप शूटिंग में जीता गोल्ड     |   बाजार खुलते ही सेंसेक्स-निफ्टी धड़ाम! सेंसेक्स 503 अंक टूटा, निफ्टी 151 अंक नीचे     |   एशियन गेम्स 2026 में भारत की महिला ट्रैप टीम को सिल्वर, नीरू धांडा ने फाइनल में बनाई जगह     |   दिव्या मित्तल का राजनीति में आने का ऐलान, कुछ दिन पहले IAS पद से दिया था इस्तीफा     |  

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि, थल सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ, नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्ण स्वामीनाथन और वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने भी राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और औपनिवेशिक शासन के खिलाफ संघर्ष में अपने प्राणों की आहुति देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के सपने आज भी देश को विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने कामना की कि भारत की विकास यात्रा आने वाले समय में और तेज गति से आगे बढ़े।

प्रधानमंत्री ने लिखा, “स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। हम उन अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों को कृतज्ञता के साथ याद करते हैं, जिनके साहस, बलिदान और अटूट संकल्प ने औपनिवेशिक शासन का अंत सुनिश्चित किया। उनके सपने आज भी हमें विकसित भारत के निर्माण के लिए मिलकर काम करने की प्रेरणा देते हैं। 140 करोड़ भारतीयों की शक्ति से हमारा देश विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की नई ऊंचाइयां छू रहा है। आने वाले समय में यह यात्रा और अधिक गति से आगे बढ़े, ऐसी मेरी कामना है।”