Breaking News

सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार पर लगाया 10 लाख का जुर्माना, जानें क्या है पूरा मामला     |   Asian Games 2026 : नीरू धांडा ने रचा इतिहास, महिला ट्रैप शूटिंग में जीता गोल्ड     |   बाजार खुलते ही सेंसेक्स-निफ्टी धड़ाम! सेंसेक्स 503 अंक टूटा, निफ्टी 151 अंक नीचे     |   एशियन गेम्स 2026 में भारत की महिला ट्रैप टीम को सिल्वर, नीरू धांडा ने फाइनल में बनाई जगह     |   दिव्या मित्तल का राजनीति में आने का ऐलान, कुछ दिन पहले IAS पद से दिया था इस्तीफा     |  

हर घर तिरंगा 2026 अभियान की तैयारी शुरू, दिल्ली में बांटे जाएंगे 15 लाख से ज्यादा तिरंगे

स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली सरकार 'हर घर तिरंगा 2026' अभियान शुरू करने की तैयारी कर रही है। इस अभियान का उद्देश्य लोगों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। इस बार अभियान में सेल्फ हेल्प ग्रुप (SHG) की महिलाओं को अहम जिम्मेदारी दी गई है। दिल्ली सरकार के अनुसार, SHG के माध्यम से करीब 2 लाख राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगे) तैयार किए जाएंगे। वहीं पूरे दिल्ली में 15 लाख से अधिक तिरंगे वितरित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान सिर्फ तिरंगा फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का एक बड़ा अभियान है। सरकार चाहती है कि समाज का हर वर्ग इसमें भाग ले। उन्होंने कहा कि तिरंगे बनाने का काम SHG को देने से महिलाओं को रोजगार और आर्थिक मजबूती मिलेगी। साथ ही उन्हें देश के सम्मान का प्रतीक तिरंगा बनाने का गौरव भी प्राप्त होगा।

दिल्ली सरकार के स्टेट अर्बन लाइवलीहुड मिशन (SULM) के जरिए चुने गए SHG इस अभियान के लिए तिरंगे तैयार करेंगे। यह मिशन शहरी गरीबों को रोजगार, कौशल विकास और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का काम करता है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि SHG द्वारा बनाए जाने वाले सभी तिरंगे फ्लैग कोड ऑफ इंडिया-2002, उसके संशोधनों, राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण अधिनियम-1971 और तय तकनीकी मानकों के अनुसार ही तैयार किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरत के अनुसार सरकार ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से भी तिरंगे खरीदेगी, ताकि दिल्ली के हर घर तक 'हर घर तिरंगा' अभियान पहुंच सके। उन्होंने कहा कि यह पहल देशभक्ति के साथ-साथ स्थानीय समुदायों की आर्थिक मजबूती और समावेशी विकास को भी बढ़ावा देगी।