भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राजपरिवार के ‘शहजादे’ विरासत के सहारे राजनीति में आए, जबकि नरेंद्र मोदी को जनता ने जनादेश देकर प्रधानमंत्री बनाया।
नितिन नवीन वाराणसी के संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में वडनगर से काशी पहुंची सेवा संकल्प यात्रा के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने यात्रा में शामिल युवाओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि युवाओं ने गांव-गांव जाकर सेवा कार्य किए और लोगों से सरकार की योजनाओं को लेकर संवाद किया।
मोदी को बताया ‘इतिहास निर्माता’
नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘इतिहास निर्माता’ बताते हुए कहा कि पिछले 25 वर्षों में देश में बड़े बदलाव हुए हैं। उन्होंने कहा कि इतिहास बनाने और लोगों के जीवन में बदलाव लाने की क्षमता रखने वाला व्यक्ति ही इतिहास निर्माता बनता है। उन्होंने गुजरात के कच्छ में आए भूकंप का जिक्र करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी ने गुजरात के पुनर्निर्माण के लिए खुद को समर्पित किया और राज्य को दुनिया के सामने नई पहचान दिलाई।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 2014 में देश में निराशा का माहौल था और युवा हताश थे। प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं में उम्मीद जगाई। आज युवा जॉब सीकर से जॉब प्रोवाइडर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने तीन तलाक की समाप्ति, भारत के दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने, पीएम आवास योजना के तहत चार करोड़ से अधिक लोगों को घर मिलने, नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई, मेक इन इंडिया और स्वच्छता अभियान को सरकार की उपलब्धियों से जोड़ा।
घुसपैठियों को लेकर विपक्ष पर निशाना
नितिन नवीन ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष उन लोगों की चिंता कर रहा है, जो देश के नागरिकों का हक छीनने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि जिन घुसपैठियों को भारत में हक दिलाने की बात की जा रही है, देश की जनता ऐसा नहीं होने देगी। उन्होंने उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हुए बदलाव को भी प्रधानमंत्री मोदी के विजन से जोड़ा।
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि एक समय असम में आए दिन बम धमाके होते थे, लेकिन आज वहां सेमीकंडक्टर रेवोल्यूशन हो रहा है। उन्होंने इसे नए भारत की तस्वीर बताया। हिमंता ने कहा कि पहले संसद तक पर हमला होता था, जबकि आज भारत आतंकवाद का जवाब मजबूती से देता है। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का भी जिक्र किया और कहा कि जिस मंदिर की कभी कल्पना भी मुश्किल लगती थी, वह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बनकर तैयार हुआ। उन्होंने कहा कि एक समय भाजपा के सिर्फ तीन मुख्यमंत्री थे, जबकि आज एनडीए की 22 सरकारें हैं। उनके मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व शक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
10 राज्यों से होकर काशी पहुंची यात्रा
सेवा संकल्प यात्रा वडनगर से शुरू होकर 10 राज्यों से गुजरते हुए काशी पहुंची। यात्रा के दौरान युवाओं ने गांवों में सफाई, पौधरोपण और नशामुक्ति अभियान चलाए। इसके साथ ही लोगों से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को लेकर संवाद किया। वडनगर से पवित्र जल काशी विश्वनाथ धाम पहुंचाया गया, जबकि वाराणसी का जल गुजरात के हाटकेश्वर महादेव मंदिर में अर्पित किया गया।
वडोदरा सांसद हेमांग जोशी ने बताया कि यात्रा ने 19,719 किलोमीटर का सफर तय किया और 10 राज्यों के 146 जिलों में सेवा कार्य किए। इस दौरान 783 कार्यक्रम और 266 स्वच्छता अभियान आयोजित हुए। 8,500 से अधिक पौधे लगाए गए और 20,187 से ज्यादा लाभार्थियों से व्यक्तिगत संपर्क किया गया। इसके अलावा 173 ग्राम सभाएं भी हुईं।
राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि कांग्रेस के शासन में देश और सपा के शासन में उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार की खबरें अखबारों के पहले पन्ने पर आती थीं। उन्होंने कहा कि आज देश और उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल चुकी है।
महापौर अशोक तिवारी ने भी उत्तर प्रदेश में आर्थिक विकास, परिवहन, रोजगार और कानून व्यवस्था में आए बदलाव का जिक्र किया। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने वडनगर से काशी और काशी से वडनगर की यात्रा में शामिल युवाओं का स्वागत किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कई नेता मौजूद रहे।
इसके अलावा मंत्री अनिल राजभर, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, रविंद्र जायसवाल, हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी समेत अन्य जनप्रतिनिधि और युवा कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।