Breaking News

सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार पर लगाया 10 लाख का जुर्माना, जानें क्या है पूरा मामला     |   Asian Games 2026 : नीरू धांडा ने रचा इतिहास, महिला ट्रैप शूटिंग में जीता गोल्ड     |   बाजार खुलते ही सेंसेक्स-निफ्टी धड़ाम! सेंसेक्स 503 अंक टूटा, निफ्टी 151 अंक नीचे     |   एशियन गेम्स 2026 में भारत की महिला ट्रैप टीम को सिल्वर, नीरू धांडा ने फाइनल में बनाई जगह     |   दिव्या मित्तल का राजनीति में आने का ऐलान, कुछ दिन पहले IAS पद से दिया था इस्तीफा     |  

ट्विशा केस में बड़ा मोड़, अब ट्विशा शर्मा मामले की जांच करेगी CBI, सरकार ने दी मंजूरी

मध्य प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपने की सिफारिश की और एजेंसी को जांच अपने हाथ में लेने की सहमति दे दी। मध्य प्रदेश गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, भोपाल के कटारा हिल्स थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 133/2026 की जांच CBI को ट्रांसफर करने की मंजूरी दी गई है। इसमें मामले से जुड़े षड्यंत्र और अन्य संबंधित अपराधों की जांच भी शामिल होगी।

इससे पहले शुक्रवार को ट्विशा शर्मा के परिवार ने भोपाल पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर आरोपी समर्थ सिंह के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की। परिवार ने आरोपी के खिलाफ उद्घोषणा (प्रोक्लेमेशन) जारी करने और संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू करने की मांग भी की। ट्विशा के पिता नवनीधि शर्मा ने अपने पत्र में आरोप लगाया कि गंभीर आरोपों और कानूनी कार्रवाई के बावजूद अब तक आरोपी समर्थ सिंह की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं।

पत्र में कहा गया कि यदि आरोपी गिरफ्तारी से बच रहा है या फरार है, तो सक्षम अदालत में आवेदन देकर उसके खिलाफ उद्घोषणा और संपत्ति कुर्की की कार्रवाई शुरू की जानी चाहिए। परिवार ने पुलिस से यह भी पूछा कि क्या आरोपी जांच में सहयोग कर रहा है और क्या उसकी डिजिटल गतिविधियों, वित्तीय लेनदेन तथा अन्य सबूतों की पर्याप्त जांच की गई है। परिवार ने यह आशंका भी जताई कि कहीं आरोपी को किसी तरह का संरक्षण तो नहीं दिया जा रहा।

ट्विशा के परिजनों ने जांच की प्रगति की नियमित जानकारी देने, SIT और परिवार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा जांच अधिकारियों की जानकारी साझा करने की मांग की। परिवार ने कहा कि उनकी मांग सिर्फ निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र जांच की है। वहीं ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह के वकील इनोश जॉर्ज ने कहा, “अभी कहने के लिए कुछ नहीं है। जब कुछ होगा तो जरूर बताएंगे।”

नोएडा निवासी ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल निवासी समर्थ सिंह से हुई थी। 12 मई को ट्विशा की मौत के बाद उनके परिवार ने पति और ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना और दहेज उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था।