Breaking News

UP में बारिश-आंधी का कहर, 48 घंटे में 15 मौतें     |   भारत-वेस्टइंडीज पहला वनडे आज, तिरुवनंतपुरम में होगा मुकाबला     |   आज प्रसारित होगा PM मोदी के 'मन की बात' का 138वां एपिसोड     |   जोधपुर के आसमान में गरजे अमेरिकी फाइटर जेट, F-35 ने भी दिखाया दम     |   अमेरिका के न्यू जर्सी में बाढ़ का पानी, नॉरईस्टर से बिगड़े हालात     |  

यूपीआईटीएस-2026 में हुनर का जादू, ‘आओ करके सीखें’ ने जीता दर्शकों का ध्यान

उत्तर प्रदेश के युवाओं के कौशल और प्रतिभा की झलक यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के दूसरे दिन देखने को मिली। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) के पवेलियन में ‘आओ करके सीखें’ थीम के तहत दर्शकों को अलग-अलग हुनर को खुद आजमाने का मौका दिया जा रहा है। पवेलियन में 16 अलग-अलग कौशलों के लाइव प्रदर्शन और सहभागिता आधारित गतिविधियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

मिट्टी से कलाकृति तक, खुद करके सीख रहे लोग

यूपीएसडीएम पवेलियन में पारंपरिक कारीगरी से लेकर आधुनिक कौशल तक कई तरह की गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। पॉटरी और टेराकोटा स्टॉल पर दर्शक खुद मिट्टी को आकार देकर कलाकृतियां बना रहे हैं। वहीं चिकनकारी स्टॉल पर लोग सुई-धागे की बारीक कारीगरी को समझने के साथ इसे खुद करने का प्रयास कर रहे हैं। पवेलियन में कौशल को सिर्फ देखने तक सीमित नहीं रखा गया है। ‘देखिए, समझिए और खुद करके सीखिए’ की अवधारणा के तहत बच्चों, युवाओं और अन्य आगंतुकों को अलग-अलग ‘डू इट योरसेल्फ’ गतिविधियों में हिस्सा लेने का अवसर दिया जा रहा है।

‘स्किल मंच’ पर युवाओं ने दिखाई प्रतिभा

यूपीआईटीएस-2026 के दूसरे दिन ‘स्किल मंच’ भी आकर्षण का केंद्र रहा। यहां युवाओं ने गायकी, फाइन आर्ट्स और अन्य रचनात्मक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ‘हुनर’ थीम के तहत युवाओं ने रंगों और रचनात्मकता के जरिए अपनी कल्पनाओं को आकार दिया। पहली बार शुरू किए गए इस मंच का उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ कौशल, करियर और रचनात्मक अवसरों से जोड़ना है।

कौशल के जरिए रोजगार और आत्मनिर्भरता पर जोर

यूपीएसडीएम के माध्यम से युवाओं को अलग-अलग क्षेत्रों में प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। यूपीआईटीएस जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर कौशल विकास की गतिविधियों के प्रदर्शन से युवाओं को अपने हुनर को व्यापक मंच पर दिखाने का अवसर मिल रहा है।

पारंपरिक और आधुनिक कौशल का संगम

यूपीएसडीएम पवेलियन में एक तरफ चिकनकारी, पॉटरी और टेराकोटा जैसे पारंपरिक हुनर लोगों को आकर्षित कर रहे हैं, तो दूसरी ओर आधुनिक कौशल से जुड़ी गतिविधियां युवाओं को नए रोजगार क्षेत्रों की जानकारी दे रही हैं। इस पहल के जरिए पारंपरिक कारीगरी को नई पीढ़ी और नए बाजार से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है। ‘आओ करके सीखें’ थीम के कारण पवेलियन में दूसरे दिन भी दर्शकों की लगातार आवाजाही बनी रही।