सिक्किम में भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड की घटना सामने आई है। पश्चिम सिक्किम के युक्सोम-ताशीडिंग क्षेत्र के रिंबी गांव में गुरुवार देर रात पहाड़ी का बड़ा हिस्सा खिसक गया। चट्टानें, मिट्टी और मलबा तेजी से नीचे आने से गांव के कुछ हिस्सों में भारी नुकसान हुआ है। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
लैंडस्लाइड में कई घरों को नुकसान
लैंडस्लाइड का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मिट्टी और मलबा नीचे की ओर बहता दिखाई दे रहा है। मलबे की चपेट में आने से कई घरों को नुकसान पहुंचा है। लगातार बारिश के कारण आसपास के इलाकों में भी घरों, संपत्ति और सड़क संपर्क पर खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
रिंबी-खेचोपालरी सड़क भी हुई थी प्रभावित
इससे पहले लैंडस्लाइड के कारण रिंबी को खेचोपालरी से जोड़ने वाली सड़क का एक हिस्सा बह गया था। सिक्किम सरकार ने मानसून के दौरान बारिश और लैंडस्लाइड से क्षतिग्रस्त सड़कों की राज्यव्यापी जांच शुरू की है।
सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, सड़क एवं पुल मंत्री एनबी दहाल ने युक्सोम-ताशीडिंग विधानसभा क्षेत्र में रिंबी और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क को हुए नुकसान और सुरक्षा जोखिमों का जायजा लिया।
मरम्मत का काम तेज करने के निर्देश
मंत्री ने अधिकारियों को रिंबी में सड़क की मरम्मत का काम जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नेशनल हाईवेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHIDCL) के अधिकारियों और ठेकेदारों से मरम्मत कार्य में तेजी लाने को कहा गया है, ताकि लोगों को आवागमन में कम से कम परेशानी हो। लगातार बारिश के बीच सिक्किम के पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड का खतरा बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाकों में निगरानी और सड़क संपर्क बहाल करने का काम जारी है।