Breaking News

UP: अखिलेश यादव ने असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM से गठबंधन करने से इनकार किया     |   एशियन गेम्स 2026: बॉक्सिंग में परवीन हुड्डा ने जीता गोल्ड     |   गुजरात में UCC को राष्ट्रपति की मंजूरी     |   एशियन गेम्स: अंकुश ने बॉक्सिंग में जीता गोल्ड, साउथ कोरियाई खिलाड़ी को हराया     |   एशियन गेम्स: सुजीत कलकल ने रेसलिंग में अब्दुलमाजिद कुडियेव को हराकर गोल्ड जीता     |  

दिल्ली की हवा में सुधार, सितंबर का औसत AQI 5 साल में सबसे कम 102, पर्यावरण मंत्री

दिल्ली की हवा की गुणवत्ता में सुधार का रुझान देखने को मिला है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि सितंबर 2026 में राजधानी का औसत AQI 102 रहा, जो पिछले पांच वर्षों में सितंबर महीने का सबसे कम औसत है।

सिरसा ने PIB की रिपोर्ट साझा करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि दिल्ली की हवा में सुधार दिख रहा है, लेकिन अभी काफी काम बाकी है। सितंबर का औसत AQI 2025 में 105, 2024 में 105, 2023 में 108 और 2022 में 104 रहा था।

जनवरी से सितंबर तक AQI में भी सुधार

PIB की रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी से सितंबर 2026 के बीच दिल्ली में 194 दिन ऐसे रहे, जब दैनिक औसत AQI 200 से नीचे रहा। यह पिछले पांच वर्षों में इसी अवधि का सबसे ज्यादा आंकड़ा है। वहीं, 2025 में ऐसे 187 दिन, 2024 में 188 दिन, 2023 में 193 दिन और 2022 में 146 दिन दर्ज किए गए थे।

इस अवधि में ‘Poor to Severe+’ श्रेणी वाले दिनों की संख्या भी घटकर 79 रह गई। 2025 और 2024 में यह संख्या 86-86 दिन, 2023 में 80 दिन और 2022 में 127 दिन थी।

PM2.5 का औसत 69 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर

पर्यावरण मंत्री ने PM2.5 के आंकड़ों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में औसत PM2.5 स्तर 69 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा, जो 2022 के बाद संयुक्त रूप से सबसे कम है।

सिरसा ने कहा कि दिल्ली सरकार प्रदूषण को सिर्फ सर्दियों की समस्या नहीं मान रही है, बल्कि पूरे साल इसे नियंत्रित करने पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने लगातार निगरानी, प्रवर्तन और जमीन पर कार्रवाई को सरकार की प्राथमिकता बताया।

सिरसा ने पिछली AAP सरकार पर साधा निशाना

पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने प्रदूषण को लेकर पिछली AAP सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने प्रदूषण से निपटने के बजाय प्रचार पर ज्यादा ध्यान दिया।

सिरसा ने कहा कि दिल्ली सरकार सभी संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर प्रदूषण को हर स्तर पर नियंत्रित करने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का फोकस जमीन पर कार्रवाई, स्वच्छ हवा और बच्चों के लिए स्वस्थ दिल्ली सुनिश्चित करने पर है।