Breaking News

सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार पर लगाया 10 लाख का जुर्माना, जानें क्या है पूरा मामला     |   Asian Games 2026 : नीरू धांडा ने रचा इतिहास, महिला ट्रैप शूटिंग में जीता गोल्ड     |   बाजार खुलते ही सेंसेक्स-निफ्टी धड़ाम! सेंसेक्स 503 अंक टूटा, निफ्टी 151 अंक नीचे     |   एशियन गेम्स 2026 में भारत की महिला ट्रैप टीम को सिल्वर, नीरू धांडा ने फाइनल में बनाई जगह     |   दिव्या मित्तल का राजनीति में आने का ऐलान, कुछ दिन पहले IAS पद से दिया था इस्तीफा     |  

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश का कहर, सलाल बांध के सभी गेट खोले गए, चिनाब नदी का जलस्तर बढ़ा

जम्मू-कश्मीर के रियासी और ऊपरी इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सलाल जलाशय में पानी की आवक तेजी से बढ़ गई है। बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए अधिकारियों ने सलाल बांध के सभी गेट खोल दिए हैं। बांध में पानी की बढ़ती आवक और गेट खोले जाने के बाद चिनाब नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। नदी में तेज बहाव देखा जा रहा है और निचले इलाकों में पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा है। रियासी क्षेत्र में पिछले कई घंटों से हो रही भारी बारिश के कारण चिनाब नदी और सलाल बांध जलाशय में पानी की आवक में काफी बढ़ोतरी हुई है। प्रशासन मौसम और नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रख रहा है।

प्रशासन ने खासकर निचले इलाकों और चिनाब नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों से नदी के पास जाने से बचने और किसी भी तरह का जोखिम न लेने की अपील की गई है। वहीं, जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में भी मंगलवार सुबह से भारी बारिश हो रही है। इसके चलते जिला प्रशासन और राजौरी पुलिस ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ने, अचानक बाढ़, भूस्खलन और जलभराव का खतरा बना हुआ है।

जिला प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और नदियों, नालों व बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। लोगों को बाढ़ वाली सड़कों या पुलों को पार करने की कोशिश न करने और मौसम से जुड़ी जानकारी व प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।लोगों से कहा गया है कि जब तक बहुत जरूरी न हो, वे घरों से बाहर न निकलें और प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या आपातकालीन सेवाओं से संपर्क करने की अपील की गई है। राजौरी पुलिस ने भी तत्काल एडवाइजरी जारी करते हुए चेतावनी दी है कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जिले की नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है। पुलिस ने कहा कि राजौरी के कई इलाकों में भारी बारिश जारी है, जिससे नदियों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ने की आशंका है।