Breaking News

पीएम मोदी बोले- नाना पाटेकर बेहतरीन कलाकार थे, वो किसी भी तरह के बंधनों में नहीं रहे     |   राहुल-प्रियंका पर FIR, प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ धक्का-मुक्की के आरोप     |   नाना पाटेकर का राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार, महाराष्ट्र सरकार पर बड़ा फैसला     |   एक्टर नाना पाटेकर का 75 साल की उम्र में निधन, गोवा में ली अंतिम सांस     |   मुरादाबाद: रेलवे स्टेशन के सामने विनायक गेस्ट हाउस में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू     |  

नोएडा में सरकारी स्कूल का वीडियो बनाने पर AAP नेता के खिलाफ FIR, संजय सिंह ने उठाए सवाल

नोएडा के सेक्टर-51 स्थित होशियारपुर गांव के एक सरकारी स्कूल में बिना अनुमति प्रवेश करने और स्कूल की स्थिति का वीडियो बनाने के आरोप में आम आदमी पार्टी (AAP) यूथ विंग के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंकज अवाना के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। यह मामला स्कूल स्टाफ की शिकायत के बाद सेक्टर-49 थाने में दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक, पंकज अवाना पर बिना अनुमति स्कूल परिसर में जाकर वहां की गतिविधियों का वीडियो रिकॉर्ड करने का आरोप है। FIR के अनुसार, मामला 20 अगस्त को दर्ज किया गया था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 333, 351(2), 352 और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है।

मामले को लेकर AAP सांसद संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि पंकज अवाना के खिलाफ FIR इसलिए की गई क्योंकि उन्होंने नोएडा के सरकारी स्कूलों की खराब स्थिति को सामने रखा। संजय सिंह ने कहा कि अगर सरकार का दावा है कि सरकारी स्कूलों की हालत सुधरी है, तो स्कूल का वीडियो बनाने में क्या गलत है? उन्होंने कहा कि गरीब बच्चों के लिए बने स्कूलों की स्थिति खराब है तो उनकी आवाज उठाना जरूरी है।

पंकज अवाना ने भी FIR को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी स्कूलों की सच्चाई लोगों के सामने लाने से रोकने के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने X पर कहा कि वह ऐसी कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं और जनता से जुड़े मुद्दों को उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि वह आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता हैं और सरकारी स्कूलों की स्थिति की सच्चाई लोगों तक पहुंचाते रहेंगे।

सरकारी स्कूल में वीडियो बनाने को लेकर इससे पहले ग्रेटर नोएडा में भी इसी तरह का मामला सामने आया था। वहां बादलपुर थाना क्षेत्र के गुरिधरपुर सुनारसी स्थित एक माध्यमिक स्कूल में कथित तौर पर बिना अनुमति प्रवेश कर वीडियो बनाने के आरोप में करीब 8 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी। नोएडा में पंकज अवाना के मामले को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है।