गोरखपुर में रविवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने जरूरतमंदों को मदद का भरोसा दिया और अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में पहुंची एक महिला ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसके पति मस्तिष्क आघात से पीड़ित हैं और उनके ऑपरेशन के लिए आर्थिक मदद की जरूरत है। इस पर सीएम योगी ने महिला से पति के इलाज की जानकारी ली और आश्वासन दिया कि उनके उपचार में कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इलाज के लिए विवेकाधीन कोष से भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा, जनता दर्शन में पहुंची एक अन्य बीमार महिला को बेहतर उपचार दिलाने के लिए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने के निर्देश दिए। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर बैठे लोगों के बीच पहुंचकर सीएम योगी ने एक-एक कर उनकी शिकायतें सुनीं और प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक तरीके से किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि लोगों की शिकायतों पर अधिकारी संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत कार्रवाई करें। साथ ही भरोसा दिलाया कि सरकार हर समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाएगी।
अपराध और जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों और भू-माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान जनता दर्शन में अपने बच्चों के साथ पहुंचीं महिलाओं के बच्चों को मुख्यमंत्री ने दुलार किया, चॉकलेट दी और आशीर्वाद भी दिया।