Breaking News

सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार पर लगाया 10 लाख का जुर्माना, जानें क्या है पूरा मामला     |   Asian Games 2026 : नीरू धांडा ने रचा इतिहास, महिला ट्रैप शूटिंग में जीता गोल्ड     |   बाजार खुलते ही सेंसेक्स-निफ्टी धड़ाम! सेंसेक्स 503 अंक टूटा, निफ्टी 151 अंक नीचे     |   एशियन गेम्स 2026 में भारत की महिला ट्रैप टीम को सिल्वर, नीरू धांडा ने फाइनल में बनाई जगह     |   दिव्या मित्तल का राजनीति में आने का ऐलान, कुछ दिन पहले IAS पद से दिया था इस्तीफा     |  

दिल्ली पुलिस कमिश्नर का सख्त संदेश, पोस्टिंग के लिए पैसे लेने-देने पर होगी कड़ी कार्रवाई

दिल्ली पुलिस के नए कमिश्नर अनुराग कुमार ने अधिकारियों को साफ संदेश दिया है कि पोस्टिंग के लिए पैसे लेने या देने की कोई भी शिकायत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी पैसे देकर पोस्टिंग लेते हैं, उनसे ईमानदारी से काम करने की उम्मीद नहीं की जा सकती। पदभार संभालने के बाद अपनी पहली उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में कमिश्नर ने डीसीपी और उससे ऊपर के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने दिल्ली पुलिस को पूरी तरह भ्रष्टाचार मुक्त रखने पर जोर दिया।

कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिसिंग में पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस की साख और भरोसा हर हाल में बनाए रखना जरूरी है। इसके अलावा उन्होंने संगठित अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश दिए। सभी जिलों और विशेष इकाइयों को अपराधी गिरोहों और ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने को कहा गया है। कमिश्नर ने ट्रैफिक व्यवस्था की भी समीक्षा की और अधिकारियों को नागरिक एजेंसियों के साथ मिलकर जाम और अन्य समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।

बैठक के बाद अनुराग कुमार ने सिविल लाइंस थाने का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों से बातचीत की और वहां की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। कमिश्नर की यह पहली बड़ी समीक्षा बैठक और औचक निरीक्षण इस बात का संकेत है कि उनका फोकस भ्रष्टाचार पर सख्ती, जवाबदेही बढ़ाने, बेहतर जनसेवा और संगठित अपराध व नशा तस्करी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई पर रहेगा।