मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार (23 सितंबर) को गोरखपुर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह चरगांवा में नवनिर्मित राजकीय महिला शरणालय भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री निर्माणाधीन राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) का निरीक्षण भी करेंगे। चरगांवा में कृषि विभाग के बीज गोदाम के पास 8 करोड़ 5 लाख 42 हजार रुपये की लागत से राजकीय महिला शरणालय के नए भवन का निर्माण कराया गया है। इसमें 100 महिलाओं के रहने की क्षमता है। भवन में आवासीय सुविधा के साथ महिलाओं के लिए कई जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
नए भवन में 10 डॉरमेट्री कक्ष, 4 अध्ययन कक्ष, रोगी कक्ष, क्रेच रूम, डाइनिंग हॉल, किचन, स्टोर, शौचालय और स्नानघर बनाए गए हैं। प्रशासनिक कार्यों के लिए वर्कशॉप, वार्डन कक्ष और कार्यालय की व्यवस्था की गई है। महिलाओं के अध्ययन और ज्ञानवर्धन के लिए पुस्तकालय भी बनाया गया है।राजकीय महिला शरणालय महिला कल्याण विभाग के अधीन संचालित एक संरक्षणात्मक और आवासीय संस्था है। इसका उद्देश्य घरेलू हिंसा, संकटपूर्ण परिस्थितियों, भटकाव या अन्य सामाजिक और पारिवारिक समस्याओं से प्रभावित महिलाओं को सुरक्षित आश्रय, संरक्षण और जरूरी सहयोग उपलब्ध कराना है।
महिला शरणालय के लोकार्पण से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निर्माणाधीन राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) का निरीक्षण करेंगे। इसका निर्माण भी चरगांवा में कृषि विभाग के बीज गोदाम के पास 14 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। इस गृह में 100 किशोरों के रहने की क्षमता होगी। परिसर में किशोर न्याय बोर्ड के लिए अलग ब्लॉक भी बनाया जा रहा है। इसका निर्माण फरवरी 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है।
राजकीय संप्रेक्षण गृह का उद्देश्य कानून का उल्लंघन करने वाले बच्चों को सुरक्षित, बाल-अनुकूल और सुधारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना है। यहां बच्चों की देखभाल, संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोसामाजिक सहयोग, कौशल विकास और पुनर्वास की व्यवस्था की जाएगी। गोरखपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर में आयोजित सप्तदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। यह कथा ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ जी महाराज की 57वीं और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की 12वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित की जा रही है। वृंदावन के मलूकपीठाधीश्वर और प्रख्यात कथावाचक राजेंद्रदास श्रद्धालुओं को सात दिनों तक श्रीमद्भागवत कथा सुनाएंगे।