Breaking News

नेपाल में अचानक आई बाढ़ से तबाही, गोरखा में 35 मकान बहे, कई पुल टूटे     |   अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को छोड़ा गया     |   यूट्यूबर ध्रुव राठी देर रात 3 बजे रिहा, जंतर-मंतर आने की कोशिश पर फिर कार्रवाई करेगी पुलिस     |   'सबके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास हो', PM मोदी ने दी नवरात्रि की बधाई     |   गाजियाबाद में मुठभेड़, 50 हजार का इनामी अंतरराज्यीय वाहन चोर फरमान गिरफ्तार     |  

CM योगी बोले- यूपी के 50% से अधिक स्टार्टअप्स का नेतृत्व कर रहीं महिलाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्रि के पहले दिन प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को नई दिशा मिली है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के 50 प्रतिशत से अधिक स्टार्टअप्स का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं। वहीं, महिला कार्यबल में भागीदारी 12 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत से अधिक हो गई है।

उपद्रव प्रदेश से उत्सव प्रदेश बना उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’ की भावना को आत्मसात कर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने उत्तर प्रदेश को उपद्रव प्रदेश से उत्सव प्रदेश बनाने के साथ महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को नई दिशा दी है।

प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति दे रहीं महिलाएं

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले जिन बेटियों के लिए घर से बाहर निकलना चुनौती थी, आज वही महिलाएं नाइट शिफ्ट में काम कर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति दे रही हैं। उनके मुताबिक, प्रदेश के 50 प्रतिशत से अधिक स्टार्टअप्स का नेतृत्व नारी शक्ति कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला कार्यबल की भागीदारी में हुई बढ़ोतरी महिलाओं के बढ़ते विश्वास और उनके लिए खुल रहे नए अवसरों को दर्शाती है।

महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए चल रहीं योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाएं महिलाओं और बेटियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध करा रही हैं। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और पोषण अभियान से माताओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को मजबूती मिल रही है।

वहीं, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और सुकन्या समृद्धि योजना बेटियों के भविष्य को आर्थिक सुरक्षा देने में मदद कर रही हैं। मिशन शक्ति, ऑपरेशन कायाकल्प, कस्तूरबा बालिका विद्यालय, सेफ सिटी परियोजना, रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना और लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर वर्किंग वुमन हॉस्टल जैसी पहलें भी महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा, आवागमन और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाई जा रही हैं।

‘सशक्त नारी-समृद्ध उत्तर प्रदेश’ पर जोर

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार ‘सशक्त नारी-समृद्ध उत्तर प्रदेश’ के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि महिलाओं की भागीदारी और सशक्तीकरण से ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को पूरा करने में मदद मिलेगी।