Breaking News

नेपाल में अचानक आई बाढ़ से तबाही, गोरखा में 35 मकान बहे, कई पुल टूटे     |   अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को छोड़ा गया     |   यूट्यूबर ध्रुव राठी देर रात 3 बजे रिहा, जंतर-मंतर आने की कोशिश पर फिर कार्रवाई करेगी पुलिस     |   'सबके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास हो', PM मोदी ने दी नवरात्रि की बधाई     |   गाजियाबाद में मुठभेड़, 50 हजार का इनामी अंतरराज्यीय वाहन चोर फरमान गिरफ्तार     |  

CM योगी की अखिलेश यादव को खुली चुनौती, बोले- आइए अयोध्या से चुनाव लड़कर किस्मत आजमाते हैं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर में विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के दौरान समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की खुली चुनौती देते हुए कहा कि वह भी अयोध्या से नामांकन करें और हम भी। एक बार दोनों अपनी किस्मत आजमा लेते हैं। मुख्यमंत्री ने इस दौरान प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं भी दीं।

मुख्यमंत्री ने बलरामपुर के विकास के लिए 803 करोड़ रुपये से अधिक की 78 परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें 30 परियोजनाओं का लोकार्पण और 48 का शिलान्यास शामिल है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार बलरामपुर को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।

'बौखला गए हैं बबुआ', अखिलेश यादव पर साधा निशाना

सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव बौखला गए हैं। वह उनसे अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाने की बात कहते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या हमारा पवित्र धाम और आस्था का केंद्र है। वह वहां बार-बार इसलिए जाते हैं, ताकि विकास कार्यों में कोई कमी न रहे।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में अयोध्या को कुछ घंटे ही बिजली मिलती थी और 'जय श्रीराम' बोलने पर प्रतिबंध लगाया जाता था। अब अयोध्या विकास का नया उदाहरण बन रही है। अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए सीएम योगी ने कहा कि लड़ाई चेलों से नहीं, आमने-सामने होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए भाजपा और एनडीए की जीत का दावा भी किया। उन्होंने गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर समाजवादी पार्टी पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया।

'पीडीए नहीं, परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी है सपा'

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के पीडीए के नारे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में परिवार के बाहर के लोगों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिलता। राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सपा ने जिन उम्मीदवारों को चुना, उनमें दलित, पिछड़े और अन्य वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया।

सीएम योगी ने पीडीए को 'परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी' और 'प्रदेश डुबाऊ अलायंस' बताते हुए आरोप लगाया कि सपा सरकार के कार्यकाल में युवाओं की नौकरियों के साथ अन्याय हुआ और बलरामपुर विकास के मामले में पिछड़ गया।

'अब वोट बलरामपुर की तरक्की का आधार बन रहा है'

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले बलरामपुर की पहचान पिछड़ेपन, तस्करी और अपराध जैसी समस्याओं से जुड़ी थी। अब केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और प्रदेश सरकार के प्रयासों से क्षेत्र में विकास को गति मिली है।

उन्होंने कहा कि जनता का एक वोट अब विकास का आधार बन रहा है। बलरामपुर को अब केवल आकांक्षी जनपद के रूप में नहीं, बल्कि नई संभावनाओं वाले जिले के रूप में विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों की मेहनत की सराहना करते हुए भरोसा दिलाया कि जिले के विकास के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी।

मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय के लोकार्पण के लिए पीएम से करेंगे अनुरोध

सीएम योगी ने कहा कि मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है। भवन का निर्माण पूरा होने के बाद वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इसके लोकार्पण के लिए अनुरोध करेंगे।

उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 1957 में बलरामपुर से पहली बार लोकसभा में प्रवेश किया था। अब उनके नाम पर जिले में मेडिकल कॉलेज का निर्माण हो रहा है। इसके अलावा रिंग रोड, चीनी मिल के विस्तार और थारू संग्रहालय के माध्यम से क्षेत्र के विकास और जनजातीय संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है।

2017 से पहले बदहाल थीं सड़कें, अब विकास कार्यों को मिली गति

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उस समय अपराध और माफिया का प्रभाव था। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले बलरामपुर की सड़कें बदहाल थीं और मथुरा घाट पुल का निर्माण भी लंबे समय तक पूरा नहीं हो पाया था। भाजपा सरकार आने के बाद इस परियोजना को आगे बढ़ाया गया।

सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले साढ़े नौ वर्षों में 9.50 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। उन्होंने सरयू नहर परियोजना सहित क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया और कहा कि बलरामपुर में पिछले दस वर्षों में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर काम हुआ है।

'अब सीमावर्ती क्षेत्रों में कोई छांगुर नहीं पनप सकेगा'

मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उनकी सरकार राष्ट्रविरोधी गतिविधियों और तस्करी पर सख्ती से कार्रवाई करेगी। उन्होंने पिछली सपा सरकार पर बीमारियों, इंसेफेलाइटिस और तस्करी जैसी समस्याओं को रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया।

उन्होंने यह भी कहा कि आपदा में जनहानि और मानव-वन्यजीव संघर्ष के कारण होने वाली जनहानि या पशुहानि पर 24 घंटे के भीतर मुआवजा देने की व्यवस्था पर सरकार काम कर रही है।

कांग्रेस और सपा पर भी साधा निशाना

सीएम योगी ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर आरोप लगाया कि वे राजनीतिक विरोध में शिष्टाचार की सीमाएं पार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और मां विंध्यवासिनी कॉरिडोर जैसे धार्मिक स्थलों का विकास हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस शासनकाल में हुए कथित घोटालों और सपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार अराजकता और दंगों को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने दावा किया कि 2017 के बाद प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार हुआ है और महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है।

कार्यक्रम में विधायक पल्टूराम, रामप्रताप वर्मा, कैलाश नाथ शुक्ल, विधान परिषद सदस्य अवधेश सिंह 'मंजू', जिला पंचायत प्रशासक आरती तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र, पूर्व विधायक शैलेष कुमार सिंह 'शैलू', उतरौला नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सविता गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।