Breaking News

सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार पर लगाया 10 लाख का जुर्माना, जानें क्या है पूरा मामला     |   Asian Games 2026 : नीरू धांडा ने रचा इतिहास, महिला ट्रैप शूटिंग में जीता गोल्ड     |   बाजार खुलते ही सेंसेक्स-निफ्टी धड़ाम! सेंसेक्स 503 अंक टूटा, निफ्टी 151 अंक नीचे     |   एशियन गेम्स 2026 में भारत की महिला ट्रैप टीम को सिल्वर, नीरू धांडा ने फाइनल में बनाई जगह     |   दिव्या मित्तल का राजनीति में आने का ऐलान, कुछ दिन पहले IAS पद से दिया था इस्तीफा     |  

जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं 150 लोगों की समस्याएं, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं का समाधान तेजी और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित की जवाबदेही तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

गोरखनाथ मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री खुद लोगों के बीच पहुंचे। उन्होंने एक-एक करके लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए जल्द समाधान के निर्देश दिए। सीएम योगी ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि किसी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए उनकी मदद की जाए। उन्होंने जमीन पर अवैध कब्जे और कमजोर लोगों को उजाड़ने की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

इलाज के लिए आर्थिक मदद की मांग लेकर पहुंचे लोग

जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उनके प्रार्थना पत्र अधिकारियों को सौंपते हुए इलाज से जुड़े एस्टीमेट की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने और शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सीएम योगी ने कहा कि गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए जरूरतमंदों को सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि जनता की समस्याओं का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और संतोषजनक तरीके से हो।

मुख्यमंत्री ने गोशाला में की गोसेवा

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह मंदिर की गोशाला में भी पहुंचकर गोसेवा की। उन्होंने गायों, गोवंश और नंदी को गुड़ खिलाया और उन्हें दुलारा। मुख्यमंत्री ने गोशाला के कार्यकर्ताओं से गोवंश की देखभाल की जानकारी ली और उनकी समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।