Breaking News

देवास TI दिलीप पुरी को कुचलने वाले ट्रक ड्राइवर का हुआ शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में लगी गोली     |   राहुल गांधी आज संगरूर से पंजाब में चुनावी कैंपेन का करेंगे आगाज     |   गुरुग्राम में 5 से 20 नवंबर तक निर्माण कार्यों पर रोक, बढ़ते प्रदूषण के बीच प्रशासन का आदेश     |   नितिन नवीन आज गोरखपुर में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च की अगुवाई करेंगे     |   रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट, श्रीगंगानगर में ट्रेन को उड़ाने की साजिश नाकाम     |  

सीएम योगी का राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर हमला, बोले- राहुल फुस्स रॉकेट तो अखिलेश हार के बहानेबाज

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखपुर में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी को फुस्स रॉकेट बताते हुए कहा कि उनका बारूद खत्म हो चुका है। कांग्रेस उन्हें कितनी भी बार लॉन्च कर ले, अब वह उड़ने वाले नहीं हैं। वहीं, अखिलेश यादव के बदला लेने वाले बयान पर पलटवार करते हुए सीएम योगी ने कहा कि लोकतंत्र में बदला नहीं, जनता बदलाव करती है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में भाजपा की ओर से आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने और अराजकता के खिलाफ जनजागरण के लिए गोरखपुर की धरती को चुना गया है।

अखिलेश यादव को सीएम योगी की नसीहत

अखिलेश यादव के अगली पीढ़ी द्वारा लाठी और जख्मों का बदला लेने संबंधी बयान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा प्रमुख को समझना चाहिए कि लोकतंत्र में बदला नहीं होता, बल्कि जनता बदलाव करती है। वर्ष 2014 में देश और 2017 में उत्तर प्रदेश की जनता ने बदलाव करके दिखाया था। उन्होंने कहा कि जनता ही तय करती है कि सत्ता किसे सौंपनी है।

राहुल गांधी को बताया फुस्स रॉकेट

राहुल गांधी पर तंज कसते हुए सीएम योगी ने कहा कि दीपावली पर कुछ रॉकेट ऐसे होते हैं, जिनमें बत्ती लगाने के बाद लोग आसमान की तरफ देखते रह जाते हैं, लेकिन वे उड़ने के बजाय वहीं धुआं छोड़कर बुझ जाते हैं। राहुल गांधी की राजनीतिक स्थिति भी ऐसी ही हो गई है। कांग्रेस ने उन्हें कई बार अलग-अलग पदों पर लॉन्च किया, लेकिन चुनावी नतीजे नहीं बदले। भारत जोड़ो यात्रा और न्याय यात्रा का भी कोई खास असर नहीं हुआ।

घुसपैठियों के नाम हटाने पर कांग्रेस से सवाल

मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का विरोध करने पर कांग्रेस और इंडी गठबंधन को घेरा। उन्होंने सवाल किया कि पाकिस्तानी और बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटाने पर विपक्ष को आपत्ति क्यों है? उन्होंने कहा कि विदेशी घुसपैठियों के नाम हटाना देश के गरीब, दलित और वंचित नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए जरूरी है।

हार के बाद EVM और चुनाव आयोग को ठहराते हैं जिम्मेदार

सीएम योगी ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर चुनावी हार के लिए बहाने बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दोनों नेता चुनाव जीतने पर इसे अपनी उपलब्धि बताते हैं, लेकिन हारने पर ईवीएम और निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाने लगते हैं। उन्होंने कांग्रेस के लोकसभा चुनावों में प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी लगातार चुनावी हार के बावजूद आत्ममंथन नहीं कर रही है।

आपातकाल और सिख विरोधी हिंसा पर कांग्रेस से माफी की मांग

मुख्यमंत्री ने वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल और 1984 की सिख विरोधी हिंसा का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की बात करने वाली कांग्रेस को पहले आपातकाल के दौरान प्रताड़ित लोगों और सिख विरोधी हिंसा के पीड़ित परिवारों से माफी मांगनी चाहिए।

सपा सरकारों पर 1500 से अधिक दंगों का आरोप

सीएम योगी ने दावा किया कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की चार सरकारों के दौरान 1500 से अधिक दंगे हुए थे। उन्होंने कहा कि उस समय त्योहारों से पहले कर्फ्यू लगना आम बात थी और बेटियां व व्यापारी सुरक्षित महसूस नहीं करते थे। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने भी विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष विदेशी ताकतों के इशारे पर देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रहा है।

इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, कमलेश पासवान, सांसद रवि किशन, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, सूर्य प्रताप शाही, ए.के. शर्मा, दारा सिंह चौहान और दयाशंकर सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।