Breaking News

बिहार के CM सम्राट चौधरी का दिल्ली दौरा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से की मुलाकात     |   यूपी: कौशांबी में दर्दनाक हादसा, मिट्टी का टीला ढहने से 3 की मौत     |   ओडिशा: दहीबड़ा खाने से 58 लोगों की तबीयत खराब, अस्पताल में भर्ती     |   मोहाली में तेज तूफान का कहर: बरगद का पेड़ गिरने से मंदिर की दीवार टूटी, कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त     |   कर्नाटक: कांग्रेस MLA विनय कुलकर्णी 6 साल के लिए अयोग्य घोषित     |  

बिहार मंत्रिमंडल विस्तार: दिल्ली पहुंचे CM सम्राट चौधरी, मंत्रियों की लिस्ट फाइनल होने की उम्मीद

बिहार की राजनीति में हलचल तेज है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल विस्तार से पहले दूसरी बार दिल्ली दौरे पर हैं। रविवार को उनकी भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और कई केंद्रीय मंत्रियों से अहम मुलाकातें तय हैं, जिनमें सबसे महत्वपूर्ण बैठक अमित शाह के साथ मानी जा रही है। 6 मई को प्रस्तावित मंत्रिमंडल विस्तार से पहले यह दौरा निर्णायक माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, गृह मंत्री के साथ बैठक में मंत्रिमंडल के अंतिम स्वरूप पर मुहर लग सकती है।

दिल्ली में मुख्यमंत्री का पूरा दिन बैठकों से भरा रहेगा। सुबह 1 बजे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और 11:30 बजे जीतन राम मांझी से मुलाकात निर्धारित है।दोपहर 1 बजे गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, शाम 6 बजे वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और 6:30 बजे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से उनकी बैठक होगी।बिहार में भाजपा कोटे से 16 मंत्री बनाए जाने की तैयारी है। इनमें 13 पुराने चेहरे बरकरार रह सकते हैं, जबकि 3 नए चेहरों को मौका मिलने की चर्चा है। इन नए नामों को लेकर पार्टी के भीतर मंथन जारी है। 

जदयू खेमे में बड़े बदलाव के संकेत कम हैं, लेकिन वहां से भी 2–3 नए चेहरों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। एनडीए के अन्य घटक दलों में भी लगभग नाम तय माने जा रहे हैं। दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। करीब आधे घंटे चली इस बैठक को अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच मंत्रिमंडल के फॉर्मूले पर चर्चा हुई। 

हालिया शपथ ग्रहण समारोह सादगी से संपन्न हुआ था, लेकिन अब मंत्रिमंडल विस्तार को भव्य रूप देने की तैयारी है। संभावना है कि इस कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता शामिल हो सकते हैं। फिलहाल, सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि भाजपा कोटे से वे तीन नए चेहरे कौन होंगे, जो बिहार की सियासत में नई भूमिका में नजर आएंगे।