ग्रेटर नोएडा में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS 2026) में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) नोएडा चैप्टर ने सक्रिय भागीदारी की। 28 सितंबर को IIA नोएडा चैप्टर के प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश के कैबिनेट श्रम मंत्री अनिल राजभर से मुलाकात कर उद्योगों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
IIA नोएडा चैप्टर के चेयरमैन नवीन गुप्ता, सचिव श्वेता बंसल और लक्ष्मी शुक्ला ने श्रम मंत्री से मुलाकात की। इस दौरान नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में उद्योगों की स्थिति, श्रमिकों के कल्याण और औद्योगिक विकास को गति देने से जुड़े विषयों पर बातचीत हुई।
इसके बाद IIA नोएडा चैप्टर की टीम ने इंडिया एक्सपो सेंटर में लगे विभिन्न औद्योगिक स्टॉल्स और प्रदर्शनियों का दौरा किया। प्रतिनिधियों ने अत्याधुनिक तकनीकों, नए उत्पादों और नवाचारों की जानकारी ली। इन तकनीकों और उत्पादों को एमएसएमई सेक्टर के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।
ट्रेड शो के दौरान IIA के स्टॉल पर विशेष सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। इस दौरान IIA के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल को सम्मानित किया गया। स्टॉल पर संगठन की ओर से उद्योग जगत के हित में किए जा रहे कार्यों और विभिन्न गतिविधियों को भी प्रदर्शित किया गया।
IIA नोएडा चैप्टर की UPITS में भागीदारी के दौरान उद्योग जगत, प्रशासन और संगठन के बीच समन्वय से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। ट्रेड शो के जरिए प्रतिनिधियों ने औद्योगिक क्षेत्र में हो रहे नए बदलावों और संभावनाओं को करीब से समझा।