Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

यूपी बोर्ड परीक्षा-2027 के लिए 7,526 केंद्र प्रस्तावित, 28 अक्टूबर तक दर्ज करा सकेंगे आपत्ति

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में बोर्ड परीक्षाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की दिशा में माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बड़ा कदम उठाया है। यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए 7,526 प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी गई है। विद्यालयों की आधारभूत सूचनाओं के सत्यापन के बाद तैयार यह सूची परिषद की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर उपलब्ध है। इसमें विद्यालयों को आवंटित विद्यार्थियों का विवरण भी दिया गया है।

प्रस्तावित केंद्रों की सूची पर संबंधित छात्र-छात्राएं, अभिभावक, प्रधानाचार्य और विद्यालय प्रबंधक 28 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। प्राप्त शिकायतों की जांच जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति करेगी। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत परीक्षा केंद्रों की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।

28 अक्टूबर तक ऑनलाइन दर्ज कराएं आपत्ति

माध्यमिक शिक्षा परिषद के अनुसार, प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों को लेकर किसी भी तरह की आपत्ति या शिकायत होने पर संबंधित व्यक्ति उचित कारण और साक्ष्य के साथ परिषद के पोर्टल upmsp.edu.in पर प्रत्यावेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके लिए 28 अक्टूबर 2026 अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। इसके बाद मिलने वाली आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।

प्राप्त प्रत्यावेदनों का जिला विद्यालय निरीक्षक परीक्षण कर समयबद्ध निस्तारण करेंगे। इसके बाद जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति से अनुमोदित या संस्तुत सूची और संबंधित रिपोर्ट 6 नवंबर 2026 तक परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन भेजी जाएगी।

राजकीय विद्यालयों के 862 केंद्र प्रस्तावित

यूपी बोर्ड परीक्षा-2027 के लिए प्रस्तावित 7,526 केंद्रों में 862 राजकीय विद्यालय, 3,276 अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय और 3,388 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। विद्यालयों की आधारभूत जानकारी के सत्यापन और अद्यतन के बाद सॉफ्टवेयर के माध्यम से इन केंद्रों का चयन किया गया है।

जिलावार आंकड़ों के अनुसार, प्रयागराज में सबसे अधिक 269 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। आजमगढ़ में 232, गोरखपुर में 175, प्रतापगढ़ में 164, आगरा में 161, देवरिया में 160, सीतापुर में 150, बलिया में 149, हरदोई में 148 और लखीमपुर खीरी में 143 केंद्र प्रस्तावित हैं।

वहीं, लखनऊ और कानपुर नगर में 127-127, वाराणसी में 117 और अयोध्या में 114 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। कानपुर देहात में 73 केंद्रों का प्रस्ताव है। बरेली और शाहजहांपुर में भी 130 से अधिक परीक्षा केंद्र प्रस्तावित हैं।

आपत्तियों की जांच के बाद तय होंगे अंतिम केंद्र

माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह के अनुसार, शासनादेशों के तहत तहसील स्तरीय समितियों से प्रमाणित और अद्यतन कराई गई विद्यालयों की आधारभूत सूचनाओं के आधार पर ऑनलाइन प्रक्रिया से केंद्रों का चयन किया गया है।

अब जनपदीय केंद्र निर्धारण समितियां प्राप्त आपत्तियों की जांच करेंगी और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अंतिम सूची तैयार करने की दिशा में कार्य करेंगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में पारदर्शिता बनाए रखना, शिकायतों का समय पर निस्तारण करना और विद्यार्थियों के लिए व्यवस्थित परीक्षा प्रबंधन सुनिश्चित करना है।