Breaking News

सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार पर लगाया 10 लाख का जुर्माना, जानें क्या है पूरा मामला     |   Asian Games 2026 : नीरू धांडा ने रचा इतिहास, महिला ट्रैप शूटिंग में जीता गोल्ड     |   बाजार खुलते ही सेंसेक्स-निफ्टी धड़ाम! सेंसेक्स 503 अंक टूटा, निफ्टी 151 अंक नीचे     |   एशियन गेम्स 2026 में भारत की महिला ट्रैप टीम को सिल्वर, नीरू धांडा ने फाइनल में बनाई जगह     |   दिव्या मित्तल का राजनीति में आने का ऐलान, कुछ दिन पहले IAS पद से दिया था इस्तीफा     |  

यूपीआईटीएस-2026 में ₹6,500 करोड़ के 4,400 एमओयू, ₹15,500 करोड़ के कारोबार का अनुमान

उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस)-2026 का चौथा संस्करण मंगलवार को संपन्न हो गया। 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में चले पांच दिवसीय आयोजन में निवेश, कारोबार और अंतरराष्ट्रीय भागीदारी के नए आंकड़े सामने आए। ट्रेड शो के दौरान करीब 680 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी लगभग ₹6,500 करोड़ के 4,400 एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। वहीं, बिजनेस इन्क्वायरी के आधार पर करीब ₹15,500 करोड़ के संभावित कारोबार का अनुमान लगाया गया है।

41,500 बी2बी बैठकें और करीब 5.99 लाख लोगों की आमद

फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशंस (FIEO) के आंकड़ों के अनुसार, यूपीआईटीएस-2026 में कुल 41,500 बी2बी और व्यावसायिक बैठकें हुईं। इनमें 13,500 बैठकें रिवर्स बायर्स-सेलर्स मीट (RBSM) क्षेत्र में और करीब 28,000 बैठकें मुख्य प्रदर्शनी क्षेत्र में दर्ज की गईं। पांच दिनों में ट्रेड शो में कुल 5,98,693 दर्शकों और बिजनेस बायर्स की आमद दर्ज हुई। इनमें 1,74,990 घरेलू बिजनेस बायर्स और 4,23,703 आम दर्शक शामिल रहे।

पिछले साल के मुकाबले कारोबार में बढ़ोतरी

2025 के मुकाबले इस बार बी2बी बैठकों में 31.12 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। पिछले साल 31,650 बैठकें हुई थीं, जो इस बार बढ़कर 41,500 हो गईं।विदेशी खरीदारों के साथ आरबीएसएम बैठकों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई। इनकी संख्या 6,050 से बढ़कर 13,500 हो गई, यानी 123.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

वहीं, हस्ताक्षरित एमओयू की संख्या 3,900 से बढ़कर 4,400 हो गई। एमओयू का अनुमानित मूल्य ₹2,680 करोड़ से बढ़कर करीब ₹6,500 करोड़ पहुंच गया। बिजनेस इन्क्वायरी के आधार पर संभावित कारोबार भी ₹12,500 करोड़ से बढ़कर ₹15,500 करोड़ आंका गया।

छह देशों ने पार्टनर कंट्री के रूप में लिया हिस्सा

यूपीआईटीएस-2026 में इस बार अंतरराष्ट्रीय भागीदारी भी बढ़ी। पिछले संस्करण में रूस पार्टनर देश था, जबकि इस साल रूस, ऑस्ट्रिया, जापान, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम सहित छह देशों ने पार्टनर कंट्री के रूप में हिस्सा लिया। विदेशी प्रतिनिधिमंडलों ने उत्तर प्रदेश के विनिर्माण, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्सटाइल और एग्री-फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में रुचि दिखाई।

ओडीओसी बना ट्रेड शो का आकर्षण

ट्रेड शो में एक जिला, एक व्यंजन (ओडीओसी) भी प्रमुख आकर्षण रहा। प्रदेश के 75 जिलों के पारंपरिक शिल्प, हथकरघा, पीतल उत्पाद, कालीन, चमड़ा उद्योग और कृषि उत्पादों को घरेलू और विदेशी खरीदारों के सामने प्रदर्शित किया गया।

एमएसएमई और स्थानीय कारीगरों को अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ सीधे कारोबारी संवाद और ऑर्डर के अवसर मिले। आयोजन के आंकड़ों के अनुसार, यूपीआईटीएस-2026 ने उत्तर प्रदेश के उत्पादों, उद्यमियों और निर्यातकों को वैश्विक बाजार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।