The Paradise: तेलुगु स्टार नानी की बहुप्रतीक्षित एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'द पैराडाइज' के निर्माताओं ने अभिनेता राघव जुयाल का फर्स्ट लुक जारी कर दिया है। फिल्म में राघव जुयाल मुख्य प्रतिपक्षी विक्रम मलिक की भूमिका निभाते नजर आएंगे। करीब 40 सेकंड के फर्स्ट-लुक वीडियो में राघव एक दमदार और रौबदार अंदाज में दिख रहे हैं। आग, बारिश और अफरा-तफरी के बीच फिल्माए गए दृश्यों में उनका किरदार बेहद खतरनाक और प्रभावशाली नजर आया।
वीडियो में वो सोने की भारी चेन पहने नजर आ रहे हैं, जो उनके किरदार की ताकत और दबदबे को दर्शाती है। निर्माताओं के मुताबिक, विक्रम मलिक फिल्म का मुख्य विलेन होगा और कहानी के केंद्रीय संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
नानी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो साझा कर राघव का स्वागत किया। उन्होंने लिखा, "मेरे भाई राघव जुयाल, विक्रम मलिक के रोल में। जल्द ही जबरदस्त धमाका होने वाला है।" राघव जुयाल इससे पहले किल, युध्रा और द बास्टर्ड्स ऑफ बॉलीवुड जैसी परियोजनाओं में अपनी अभिनय क्षमता का प्रदर्शन कर चुके हैं। द पैराडाइज के साथ वे दक्षिण भारतीय सिनेमा में अपना डेब्यू भी कर रहे हैं।
फिल्म का निर्देशन श्रीकांत ओडेला कर रहे हैं। ये उनकी और नानी की दूसरी फिल्म है। इससे पहले दोनों ने 2023 की सुपरहिट फिल्म दसरा में साथ काम किया था। एसएलवी सिनेमाज के बैनर तले बन रही द पैराडाइज 21 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म को तेलुगु, हिंदी, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली, अंग्रेजी और स्पेनिश समेत आठ भाषाओं में रिलीज किया जाएगा।