Breaking News

ईरान पर अमेरिकी हमलों में भारी तबाही; 260 से ज्यादा लोग घायल, स्वास्थ्य मंत्रालय का बड़ा दावा     |   यूक्रेन का रूस पर अब तक का सबसे बड़ा समुद्री हमला, ड्रोन अटैक में 20 रूसी जहाज तबाह     |   भारत-यूके मुक्त व्यापार समझौता आज से लागू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया आर्थिक विकास के लिए बड़ा कदम     |   मुंबई-गोवा हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, कार और डंपर की टक्कर में 4 लोगों की मौके पर ही मौत     |   परिसीमन बिल पर शरद पवार की पार्टी का बड़ा फैसला, संसद में बिल को देंगे समर्थन     |  

एअर इंडिया का विमान पाकिस्तानी वायुक्षेत्र में दाखिल हुआ; एटीसी, चालक दल पर कार्रवाई

नयी दिल्ली, 24 जून (भाषा) एअर इंडिया का एक विमान सोमवार रात राष्ट्रीय राजधानी से उड़ान भरने के बाद अमृतसर हवाई अड्डे पर ‘गो-अराउंड’ (उतरने से पहले आसमान में चक्कर लगाने का निर्देश) की प्रक्रिया के दौरान पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में दाखिल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने बुधवार को कहा कि अमृतसर में वायु यातायात निंयत्रक और विमानन कंपनी के उक्त विमान को संचालित कर रहे चालक दल के सदस्यों के खिलाफ अंतरिम कार्रवाई की गई है, क्योंकि उन्होंने घटना की जानकारी नहीं दी।

एअर इंडिया ने बुधवार को एक बयान में कहा कि घटना की जानकारी डीजीसीए को दे दी गई है और इसकी आंतरिक जांच की जा रही है।

डीजीसीए ने एक बयान में कहा कि ‘रडार वेक्टरिंग’ के आधार पर ‘गो-अराउंड’ की प्रक्रिया शुरू करने के बाद विमान कुछ देर के लिए पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में चला गया था।

‘रडार वेक्टरिंग’ वायु यातायात नियंत्रण (एटीसी) की एक प्रक्रिया है, जिसमें नियंत्रक यात्रा के संबंध में परामर्श देने के लिए रडार निगरानी का इस्तेमाल करते हैं।

बयान में कहा गया है, ‘‘इस घटना के बाद पाकिस्तान के एटीसी अधिकारियों के साथ समन्वय किया गया। आखिरकार विमान का रास्ता बदलकर उसे दिल्ली भेजा गया और वह सुरक्षित रूप से राष्ट्रीय राजधानी में उतरा।’’

पाकिस्तान ने अप्रैल 2025 से भारतीय विमानन कंपनियों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया है।

एअर इंडिया के मुताबिक, 22 जून को दिल्ली से अमृतसर जाने वाली उड़ान एआई479 के चालक दल ने अमृतसर हवाई अड्डे पर ‘गो-अराउंड’ करते समय पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया था।

एक सूत्र ने बताया कि यह घटना सोमवार को रात आठ बजे के कुछ देर बाद हुई, जब अमृतसर हवाई अड्डे के ऊपर विमान को चक्कर लगाना पड़ा।

डीजीसीए ने बयान में कहा कि एअर इंडिया के विमान वीटी-पीपीवी को उतरने की अनुमति देने से पहले पक्षी के टकराने की घटना के बाद रनवे के निरीक्षण के कारण ‘होल्ड’ करने (इंतजार करने) के लिए कहा गया था।

डीजीसीए ने एटीसी और चालक दल सदस्यों के खिलाफ की गई कार्रवाई के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।

सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी लौटने के लगभग एक घंटे बाद विमान ने फिर से अमृतसर के लिए उड़ान भरी और रात 10 बजे के बाद वहां उतरा।

भाषा धीरज पारुल

पारुल