Breaking News

ईरान पर अमेरिकी हमलों में भारी तबाही; 260 से ज्यादा लोग घायल, स्वास्थ्य मंत्रालय का बड़ा दावा     |   यूक्रेन का रूस पर अब तक का सबसे बड़ा समुद्री हमला, ड्रोन अटैक में 20 रूसी जहाज तबाह     |   भारत-यूके मुक्त व्यापार समझौता आज से लागू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया आर्थिक विकास के लिए बड़ा कदम     |   मुंबई-गोवा हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, कार और डंपर की टक्कर में 4 लोगों की मौके पर ही मौत     |   परिसीमन बिल पर शरद पवार की पार्टी का बड़ा फैसला, संसद में बिल को देंगे समर्थन     |  

भाजपा की कर्नाटक इकाई ने यातायात नियम के उल्लंघन को लेकर प्रियंक खरगे पर कसा तंज

बेंगलुरु, 24 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी की कर्नाटक इकाई ने बुधवार को राज्य के गृह मंत्री प्रियंक खरगे पर तंज कसा और आरोप लगाया कि उनके आधिकारिक वाहन को तेज रफ्तार से परिचालित होते और सड़क सुरक्षा के बुनियादी नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़ा गया।

जिम्मेदाराना तरीके से वाहन चलाने और बकाया यातायात चालान भरने की अपील करने संबंधी प्रियंक खरगे के एक सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा ने पलटवार किया। पार्टी ने कहा कि वह मंत्री की बात से पूरी तरह सहमत है, साथ ही उन्हें सलाह दी कि वह तुरंत अपना बकाया चुका दें।

अपने पोस्ट में गृह मंत्री ने वाहन चालकों से 21 जून से 10 जुलाई तक लागू 50 प्रतिशत छूट की पेशकश के तहत सभी लंबित चालान भरने का आग्रह किया है।

उन्होंने कहा, 'यातायात नियम सिर्फ सड़क पर खींची गई रेखा नहीं है। यह उन सभी लोगों का जीवन बचाने के लिए है जो आपके साथ सड़क का इस्तेमाल करते हैं। थोड़ी सी लापरवाही बरसों के सपनों पर पानी फेर सकती है। सिर्फ आपके ही नहीं, बल्कि किसी और के भी। यह आपके पास सब कुछ नए सिरे से शुरू करने का मौका है।'

भाजपा ने प्रियंक खरगे पर निशाना साधते हुए 'एक्स' पर उनकी पोस्ट साझा की और उनकी गाड़ी से जुड़े कथित तौर पर चार यातायात नियमों के उल्लंघन के 'स्क्रीनशॉट' पोस्ट किए। इनमें तेज गति से वाहन चलाने और कुर्सी की पेटी न बांधने के मामले शामिल हैं, जिन पर कुल 2,500 रुपये का जुर्माना बनता है।

भाजपा ने कहा कि कुल 2,500 रुपये के चार बकाया चालान के मामले में खरगे को 50 प्रतिशत छूट का लाभ उठाना चाहिए और जल्द से जल्द अपना बकाया चुका देना चाहिए।

भाषा

शुभम सुभाष

सुभाष