Breaking News

ईरान पर अमेरिकी हमलों में भारी तबाही; 260 से ज्यादा लोग घायल, स्वास्थ्य मंत्रालय का बड़ा दावा     |   यूक्रेन का रूस पर अब तक का सबसे बड़ा समुद्री हमला, ड्रोन अटैक में 20 रूसी जहाज तबाह     |   भारत-यूके मुक्त व्यापार समझौता आज से लागू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया आर्थिक विकास के लिए बड़ा कदम     |   मुंबई-गोवा हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, कार और डंपर की टक्कर में 4 लोगों की मौके पर ही मौत     |   परिसीमन बिल पर शरद पवार की पार्टी का बड़ा फैसला, संसद में बिल को देंगे समर्थन     |  

गोयल ने निर्यात बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा के लिए निर्यातकों के साथ की बैठक

नयी दिल्ली, 24 जून (भाषा) वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को निर्यातकों के साथ बैठक की। इसमें निर्यात बढ़ाने और मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) का लाभ उठाने के तरीकों पर चर्चा की गई।

गोयल ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम) के ​​लिए समर्थन मजबूत करने, एफटीए के जरिये ज्यादा मौके बनाने, नवोन्मेष और क्षमता को बढ़ावा देने, निर्यात में सुगमता लाने और वैश्विक मूल्य श्रृंखला में भारत की भूमिका बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की गई।’’

इस चर्चा में अलग-अलग निर्यात संवर्धन परिषद (ईपीसी) और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

बैठक में भारत के निर्यात परिवेश को आगे बढ़ाने, बाजार में विविधता लाने और देश की वैश्विक व्यापार प्रतिस्पर्धी क्षमता को बेहतर बनाने की रणनीतियों की समीक्षा की गई।

कई निर्यात संवर्धन परिषद ने अपने क्षेत्र विशेष निर्यात प्रदर्शन और प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों में हुई प्रगति के बारे में जानकारी दी।

मंत्रालय की इकाई, विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने चार प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों (केपीआई)...निर्यात प्रदर्शन, बाजार में विविधता, निर्यात परिवेश और नीति सुगमता... का प्रस्ताव दिया।

उद्योग के एक अधिकारी के अनुसार, परिषद को मंत्रालय को यह बताना होगा कि उन्होंने कितने नए निर्यातकों को जोड़ा है, कितने क्षमता निर्माण कार्यक्रम किए हैं और अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में कितनी भागीदारी की है।

भारत का निर्यात मई में 18 प्रतिशत बढ़कर 45.2 अरब डॉलर के छह महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। वहीं व्यापार घाटा बढ़कर 28.21 अरब डॉलर हो गया।

भाषा रमण अजय

अजय