Breaking News

दिल्ली: गीता कॉलोनी फ्लाईओवर से बाइक सवार 3 लोग गिरे, गंभीर रूप से घायल     |   ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर ने इस्तीफे का ऐलान किया     |   फिरोजाबाद: CM योगी ने 658 करोड़ की 81 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया     |   निहंग-व्यापारी विवाद: पंजाब के CM भगवंत की उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से बातचीत हुई     |   उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने हरदोई में हुए पुल हादसे का संज्ञान लिया     |  

झारखंड में हमारे विधायकों ने कांग्रेस उम्मीदवार को वोट दिया : भाकपा (माले)

नयी दिल्ली, 18 जून (भाषा) भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) लिबरेशन ने बृहस्पतिवार को झारखंड में राज्यसभा चुनाव में 'क्रॉस-वोटिंग’ के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उसके दोनों विधायकों ने कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा के पक्ष में मतदान किया।

वामपंथी दल ने कांग्रेस पर अपने ही विधायकों का समर्थन हासिल करने में विफल रहने का आरोप लगाया और कहा कि देश के मुख्य विपक्षी दल की ओर से ‘क्रॉस वोटिंग’ का आरोप लगाया जाना भाकपा (माले) लिबरेशन की छवि धूमिल करने तथा ‘इंडिया’ गठबंधन की साख को नुकसान पहुंचाने का प्रयास है।

इससे पहले, कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू ने गठबंधन सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और भाकपा (माले) लिबरेशन को कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा की हार के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया था कि दोनों दलों ने झा के पक्ष में मतदान नहीं किया।

भाकपा (माले) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘झारखंड राज्यसभा चुनाव में मतदान को लेकर लगाई जा रही अटकलों के संबंध में हम पूरी जिम्मेदारी के साथ कह सकते हैं कि हमारे दोनों विधायकों ने तय योजना के अनुसार कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया। हमारी पार्टी के दो वरिष्ठ नेताओं हलधर महतो और गीता मंडल ने भाकपा (माले) के विधायकों द्वारा डाले गए मतों का विधिवत सत्यापन किया था।’’

बाद में जारी एक बयान में वाम दल ने कहा कि झारखंड राज्यसभा चुनाव के नतीजों से स्पष्ट है कि कांग्रेस अपने सभी विधायकों का समर्थन हासिल करने में विफल रही।

पार्टी ने कहा, ‘‘दूसरों पर उंगली उठाने से पहले बड़े दलों को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।’’

उसने कहा, ‘‘अपनी पार्टी या नेतृत्व को बचाने के लिए इस तरह के बयान देने वाले लोग भाकपा (माले) और उन सभी विधायकों की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिन्होंने पूरी निष्ठा से कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया। यह केवल भाकपा (माले) को बदनाम करने का प्रयास नहीं है, बल्कि पूरे ‘इंडिया’ गठबंधन की छवि को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश है।’’

राजग समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी ने झारखंड से राज्यसभा की दो सीटों में से एक पर जीत दर्ज करते हुए कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा को पराजित किया। दूसरी सीट पर झामुमो के उम्मीदवार बैद्यनाथ राम विजयी रहे।

नथवानी को 28 मत मिले, जबकि झा को 20 मत प्राप्त हुए। बैद्यनाथ राम को 30 मत मिले।

भाषा हक अविनाश

अविनाश