Breaking News

दिल्ली: गीता कॉलोनी फ्लाईओवर से बाइक सवार 3 लोग गिरे, गंभीर रूप से घायल     |   ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर ने इस्तीफे का ऐलान किया     |   फिरोजाबाद: CM योगी ने 658 करोड़ की 81 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया     |   निहंग-व्यापारी विवाद: पंजाब के CM भगवंत की उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से बातचीत हुई     |   उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने हरदोई में हुए पुल हादसे का संज्ञान लिया     |  

बारिश के कारण भूस्खलन होने से शिमला के पास बाईपास मार्ग अवरुद्ध

शिमला, 18 जून (भाषा) शिमला के बाहरी क्षेत्र में स्थित ढली-संजौली बाईपास मार्ग लगातार बारिश के कारण भूस्खलन होने से बृहस्पतिवार दोपहर अवरुद्ध हो गया।

पुलिस द्वारा जारी बयान के अनुसार, सड़क पर भारी मात्रा में मलबा जमा हो गया है, जिसके कारण यातायात बंद कर दिया गया है। मलबा हटाने और सड़क को फिर से वाहनों के लिए सुगम बनाने का कार्य जारी है।

पुलिस ने यात्रियों को कुछ समय तक इस मार्ग का उपयोग नहीं करने और वैकल्पिक रास्तों से यात्रा करने की सलाह दी है।

हिमाचल प्रदेश के कुछ स्थानों पर बुधवार शाम से हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। शिमला, जुब्बरहट्टी, सुंदरनगर, भुंतर, कुफरी, जोत और मुरारी देवी में गरज और बिजली चमकने के साथ बारिश हुई। पिछले 24 घंटों में शिमला में तीन मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

राजगढ़ में सबसे अधिक 45 मिमी. वर्षा हुई।

स्थानीय मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य में 24 जून तक वर्षा का दौर जारी रहने का अनुमान जताया था।

शिमला मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार के लिए कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि, गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

इसके अलावा शनिवार और रविवार के लिए किन्नौर तथा लाहौल-स्पीति को छोड़कर राज्य के 10 जिलों के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

भाषा

शुभम अविनाश

अविनाश