Breaking News

दिल्ली: गीता कॉलोनी फ्लाईओवर से बाइक सवार 3 लोग गिरे, गंभीर रूप से घायल     |   ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर ने इस्तीफे का ऐलान किया     |   फिरोजाबाद: CM योगी ने 658 करोड़ की 81 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया     |   निहंग-व्यापारी विवाद: पंजाब के CM भगवंत की उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से बातचीत हुई     |   उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने हरदोई में हुए पुल हादसे का संज्ञान लिया     |  

छत्तीसगढ़: पति ने पत्नी को पीटा, सिर मुंडवाया; वीडियो सामने आने के बाद गिरफ्तार

कोरिया (छत्तीसगढ़), 18 जून (भाषा) छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में एक व्यक्ति को अपनी पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट करने, उसका सिर मुंडवाने और उसके चेहरे व शरीर पर कालिख पोतने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

लगभग 35 वर्षीय महिला ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के बाद उसके पति ने उसे जबरन अपना पेशाब पिलाया।

यह घटना 14 जून को जिले के पटना पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पांडोपारा गांव में हुई।

बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर मारपीट के कथित वीडियो सामने आए, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

कोरिया जिले की प्रभारी पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे ने बताया कि महिला ने 15 जून को शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया कि उसके पति जितेंद्र घसिया ने शराब के नशे में उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।

उन्होंने बताया कि महिला की शुरुआती शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

चौबे ने बताया कि महिला ने शुरुआत में अपने साथ हुई बर्बरता का उल्लेख नहीं किया था। बृहस्पतिवार को वीडियो सामने आने और पूरी घटना स्पष्ट होने के बाद, मामले में बीएनएस की धारा 123 भी जोड़ी गई। यह धारा नुकसान पहुंचाने के इरादे से हानिकारक, नशीला या बेहोश करने वाला पदार्थ देने से संबंधित है।

उन्होंने बताया कि इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

संवाददाताओं से बात करते हुए महिला ने बताया कि उसने लगभग 15 साल पहले घसिया से प्रेम विवाह किया था और उनके चार बच्चे हैं, जो अभी अपने पिता के साथ रह रहे हैं।

महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति ने करीब एक साल पहले उसे छोड़ दिया था और वह आर्थिक तंगी से जूझ रही थी। वह एक परिचित के साथ रह रही थी, तभी 14 जून को आरोपी वहां पहुंचा।

पीड़िता ने आरोप लगाया, 'मेरे पति ने मेरे हाथ-पैर बांध दिए, मेरे साथ मारपीट की और मुझे गालियां दीं। उसने पहले कैंची से मेरे बाल काटे और फिर ब्लेड से मेरा सिर मुंडवा दिया। उसने जबरदस्ती मेरे मुंह में पेशाब डाला और मुझ पर एक बच्चे का पेशाब भी डाला। उसने मुझे जिंदा जलाने की धमकी दी।'

महिला ने यह भी दावा किया कि उसके पति को लंबे समय से उसके चरित्र पर शक था।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस घटना के वीडियो में कथित तौर पर महिला के हाथ-पैर बंधे हुए दिख रहे हैं, जबकि एक आदमी बार-बार उसे थप्पड़ मार रहा है और लात मार रहा है, उसका सिर मुंडवा रहा है और उसके चेहरे व शरीर पर कोई कालिख मल रहा है।

पुलिस ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

भाषा सं संजीव शफीक

शफीक